पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (West Bengal Election 2026) है और सभी राजनीतिक दल चुनाव के मैदान में उतर चुकी हैं।  X & AI Generated
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026

बंगाल चुनाव से पहले हो गया बड़ा खेला, ममता बनर्जी फिर बन रही सीएम, इतने प्रतिशत लोगों ने लगाई मुहर

अप्रैल महीने की शुरुआत हो चुकी है और इसी महीने पश्चिम बंगाल में विधानसभा के चुनाव (West Bengal Election 2026) होने हैं। बंगाल में दो चरण में चुनाव होने वाले हैं।

Author : Mayank Kumar

  • सर्वे के मुताबिक ममता बनर्जी की पार्टी को 174-184 सीटें मिल सकती हैं, यानी बहुमत तो रहेगा लेकिन 2021 के मुकाबले गिरावट संभव है।

  • बीजेपी 108–118 सीटों तक पहुंचती दिख रही है, जो पिछले चुनाव से बड़ी बढ़त है, यानि इस बार मुकाबला ज्यादा कांटे का होगा।

  • मालदा और मेदिनीपुर जैसे इलाकों में बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जहां TMC को कड़ी टक्कर मिल सकती है।

अप्रैल महीने की शुरुआत हो चुकी है और इसी महीने पश्चिम बंगाल में विधानसभा के चुनाव (West Bengal Election 2026) होने हैं। बंगाल में दो चरण में चुनाव होने वाले हैं। पहली वोटिंग 23 अप्रैल को होगी जबकि दूसरी वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। वहीं, 4 मई को इसके नतीजे आएँगे और तब यह तय हो जाएगा कि बंगाल में किसकी सरकार बन रही है? 294 विधानसभा सीटों के लिए बीजेपी और टीएमसी ने अपना पूरा जोर लगाया हुआ है। ममता बनर्जी के सामने ये चुनौती है कि कैसे वो अपनी कुर्सी बचाएं जबकि भारतीय जनता पार्टी पूरी कोशिश करेगी कि वो दीदी का किला ध्वस्त करते हुए, पहली बार बंगाल की सत्ता पर काबिज हो।

वैसे बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के आलावा कांग्रेस और सीपीआई की पार्टियां भी चुनाव के मैदान में हैं लेकिन मुख्य रूप से कांटे की टक्कर दीदी बनाम मोदी ही है। ममता बनर्जी ने तो बंगाल की जनता को यहाँ तक कह दिया है कि आप मुझे ही 294 विधानसभा सीटों का उमीदवार समझें। इन सारी अटकलों के बीच अब ओपिनियन पोल ने यह बताना शुरू कर दिया है कि बंगाल में कमल खिलेगा या दीदी कमबैक करेंगे। ऐसे में आइये ऐसी ही एक ओपिनियन पोल पर नज़र डालते हैं।

TMC की सरकार बनेगी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (West Bengal Election 2026) है और सभी राजनीतिक दल चुनाव के मैदान में उतर चुकी हैं। इसी कड़ी में VoteVibe का ओपिनियन पोल सामने आया है। इसे सीएनएन-न्यूज18 पर जारी किया गया है। इस ओपिनियन पोल के हिसाब से बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की सरकार बन सकती है। हालांकि, इस बार उनकी सीटें जरूर कम हो सकती हैं। ओपिनियन पोल के हिसाब से इस बार TMC को 174 से 184 के बीच सीटें मिल सकती हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में TMC को 215 सीटें मिली थीं।

हालांकि, बहुमत का आंकड़ा 148 है। ऐसे में इस ओपिनियन पोल के हिसाब से बंगाल में TMC कमबैक कर रही है, लेकिन ममता बनर्जी के लिए चिंता की बात यह है कि बीजेपी मजबूत होती नज़र आ रही है। 2021 में 77 सीटें जीतने वाली बीजेपी को इस ओपिनियन पोल में 108 से 118 सीटें मिलती दिखाई गईं हैं। सीएनएन-न्यूज18 के सर्वे के मुताबिक BJP के शुभेंदु अधिकारी को 33.4 प्रतिशत लोग पसंद कर रहे हैं जबकि ममता को 48.8 प्रतिशत लोगों ने सीएम पद के लिए चुना है।

बढ़ रही हैं बीजेपी की सीटें

गौरतलब है कि 23 मार्च को VoteVibe ने जो ओपिनियन पोल जारी किया था, उसमे TMC को 184 से 194 के बीच सीटें मिलती दिखाई दे रही थीं जबकि बीजेपी को 98 से 108 सीटें मिलती दिखी थीं लेकिन इस बार मामला उल्टा है। ताजा सर्वे में बीजेपी की सीटें बढ़ीं हैं जबकि TMC को नुकसान होता दिखाई दे रहा है।

2021 में बीजेपी को मुंह की ही खानी पड़ी थी क्योंकि उन्हें मात्र 77 सीटें मिली थीं लेकिन इस बार लगता है बीजेपी अपने कदम पीछे नहीं रखने वाली है। दोनों पार्टियों के लिए ये चुनाव काफी अहम है। एक ओर जहाँ बीजेपी मजबूत होती दिख रही है, तो दूसरी ओर दीदी की चुनौतियाँ भी बढ़ रही हैं। वहीं, इस पोल में अन्य दलों को 0 से 4 सीटें मिलती दिखाई गई हैं।

इन इलाकों में बीजेपी देगी टक्कर

आपको बता दें कि बंगाल का चुनाव (West Bengal Election 2026) काफी रोमांचक होने वाला है। TMC सरकार बनाते तो दिख रही है लेकिन इस बार उसके सामने बीजेपी के रूप में एक मजबूत विपक्ष मिलेगा। कुछ क्षेत्रीय इलाके हैं जहाँ TMC को कड़ी टक्कर मिल सकती है।

मालदा में बीजेपी को 15 से 17 के बीच सीट मिलती दिख रही हैं, तो TMC को 31 से 33 के बीच सीट मिल सकती है। वहीं, मेदिनीपुर में बीजेपी को 32 से 34 के बीच सीट मिल सकती है जबकि TMC को 22 से 24 सीट मिलती दिखाई दे रही है। ऐसे में इन इलाकों में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।