बांग्लादेश महिला टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम ने चयनकर्ता मोंजुरुल इस्लाम पर अश्लील सवाल और अनुचित व्यवहार का आरोप लगाया।
2022 महिला वर्ल्ड कप से जुड़े आरोपों की जांच में चार में से दो आरोप सही पाए गए, जबकि दो सबूत के अभाव में साबित नहीं हो सके।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रिपोर्ट के आधार पर मोंजुरुल इस्लाम को क्रिकेट से जुड़ी सभी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया।
समाज में अक्सर महिलाएं अत्याचार का शिकार होती हैं। आए दिन घरेलू हिंसा को लेकर खबरें भी आती रहती हैं। पहले ये गांव-देहात के इलाके तक सीमित था, बाद में यह दायरा बढ़कर शहरी क्षेत्रों में भी पहुंचा और आज आलम ये है कि जिस क्षेत्र में आप काम कर रहे हैं, वहां भी आप सुरक्षित नहीं हैं।
क्या आप सोच सकते हैं जो लड़कियां इंटरनेशनल लेवल पर क्रिकेट खेलती हैं, वो भी समाज में सुरक्षित नहीं हैं। ऐसा सच में हुआ है। एक महिला क्रिकेटर है, जिसके साथ पुरुष चयनकर्ता ने यौन उत्पीड़न किया और जब यह मामला सामने आया,तो हड़कंप मच गया। अब इस मामले पर बोर्ड ने कड़ा एक्शन भी लिया है।
जिस महिला क्रिकेटर की हम बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं बल्कि बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज और पूर्व कप्तान जहांआरा आलम (Jahanara Alam) हैं, जिन्हें अपने ही देश में यौन उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा था। उनके साथ ये गलत काम करने वाला कोई और नहीं बल्कि टीम के राष्ट्रीय चयनकर्ता मोंजुरुल इस्लाम (Manjurul Islam) हैं।
मामला नवंबर 2025 का है जब जहांआरा आलम (Jahanara Alam) ने एक इंटरव्यू के दौरान मोंजुरुल इस्लाम (Manjurul Islam) पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनसे अश्लील सवाल पूछा था और अनुचित बर्ताव भी किया था। 2022 महिला वर्ल्ड कप का जिक्र करते हुए महिला क्रिकेटर ने बताया था कि उनके साथ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के कुछ अधिकारियों ने भी असभ्य व्यवहार किया था।
जहांआरा आलम (Jahanara Alam) के बयान के बाद बोर्ड हरकत में आया और एक जाँच कमेटी का गठन हुआ। तारिक उल हाकिम को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया। इसके साथ ही इस जाँच कमेटी में बीसीबी निदेशक रुबाबा डोवला, सरवत सिराज शुक्ला, मुहम्मद मुस्तफिजुर रहमान खान (अधिवक्ता) और डॉ नईमा हक को शामिल किया गया। 31 जनवरी 2026 को रिपोर्ट पूरी हुई और 2 फ़रवरी को बीसीबी अध्यक्ष अनिमूल इस्लाम को सौंपी गई। इसके बाद बोर्ड अध्यक्ष ने चयनकर्ता मोंजुरुल इस्लाम के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया।
रिपोर्ट पूरी हो जाने के बाद बीसीबी अध्यक्ष अनिमूल इस्लाम ने मोंजुरुल इस्लाम (Manjurul Islam) पर कड़ा एक्शन लिया। उन्होंने चयनकर्ता को क्रिकेट से जुड़ी सभी गतिविधियों से बैन कर दिया। यह फैसला 22 फ़रवरी 2026 को हुए मीटिंग के दौरान लिया गया। समिति का गठन 2022 महिला विश्व कप के दौरान यौन उत्पीड़न की शिकायत की जांच के लिए किया गया था। जांच में चार आरोपों की समीक्षा की गई। दो सही साबित हुए जबकि 2 सबूतों के अभाव में साबित नहीं हो सके। इस बात की पुष्टि बोर्ड की तरफ से कर दी गई है। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह नहीं बताया कि कौन-कौन से आरोप सही पाए गए।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी करते हुए कहा, ''स्वतंत्र जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर, पूर्व कप्तान जहानारा आलम की शिकायत की जांच के बाद, मोंजुरुल इस्लाम (Manjurul Islam) को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में किसी भी प्रकार की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष नौकरी या क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने से प्रतिबंधित किया जाता है।''
आपको बता दें कि मोंजुरुल इस्लाम (Manjurul Islam) बांग्लादेश महिला टीम में चयनकर्ता (सेलेक्टर) और मैनेजर के रूप में काम कर चुके हैं। 30 जून 2025 को ही बोर्ड के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था। वहीं, जांच में पता चला कि उनका व्यवहार ठीक नहीं था और उनके कुछ काम गलत थे, जिन्हें नियमों के अनुसार बदसलूकी और परेशान करना माना जाता है।
मोंजुरुल इस्लाम (Manjurul Islam) की बात करें तो वो बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर रह चुके हैं। उन्होंने देश के लिए 17 टेस्ट और 34 वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने क्रमशः 28 और 34 विकेट चटकाए हैं। वहीं, बल्लेबाजी में उन्होंने टेस्ट में 81 जबकि वनडे में 53 रन बनाए हैं।