लीमा रोज़ तमिलनाडु चुनाव की सबसे अमीर उम्मीदवार हैं, जिनकी कुल संपत्ति लगभग 5,863 करोड़ रुपए है।
उनके पति और बेटे के पास भी करोड़ों की संपत्ति और कीमती आभूषण हैं।
उन्होंने केवल 6वीं तक पढ़ाई की है, उनके खिलाफ 4 मामले हैं और वो पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।
23 अप्रैल को तमिलनाडु में विधानसभा के चुनाव (Tamil Nadu Election 2026) होने वाले हैं। चुनावी मैदान में नेता उतर चुके हैं और उनके लिए ये किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है क्योंकि यही एक मौका होता है जब जनता के हाथ में ताकत होती है कि वो किसे सत्ता की चाबी सौंपेगी और किससे सत्ता का अधिकार छीनेगी। चुनाव के लिए कई प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।
जब नामांकन दाखिल होता है, तब यह पता चलता है कि जिसे जनता सत्ता की कुर्सी सौंपने वाली है, उस नेता की पूरी कुंडली सामने आ जाती है। इसी बीच तमिलनाडु से एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमे AIADMK उम्मीदवार के बारे में पता चला है कि वो एक करोड़पति हैं। क्या है पूरा मामला आइये जानते हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों (Tamil Nadu Election 2026) में एक चौंकाने वाले खुलासे में AIADMK उम्मीदवार लीमा रोज़ (Leema Rose Martin) राज्य की सबसे धनी प्रत्याशी के रूप में उभरी हैं। उन्होंने अपने नामांकन हलफनामे में कुल 5,863 करोड़ रुपए की पारिवारिक संपत्ति का खुलासा किया। AIADMK की लीमा रोज़ तिरुचिरापल्ली जिले के लालगुडी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं और उनके नामांकन हलफनामे में कुल 5,863 करोड़ रुपए की पारिवारिक संपत्ति का खुलासा किया गया है।
उनके हलफनामे के अनुसार, लीमा रोज़ की व्यक्तिगत चल संपत्ति 139 करोड़ और अचल संपत्ति 910 करोड़ हैं। ये आंकड़े उन्हें चुनाव में सबसे अधिक संपत्ति वाले उम्मीदवारों में शीर्ष स्थान पर रखते हैं। परिवार की संपत्ति में उनके पति व व्यवसायी मार्टिन का बड़ा योगदान है। उन्होंने चल संपत्ति 3,262 करोड़ रुपए और अचल संपत्ति 887 करोड़ रुपए घोषित किए हैं।
गौरतलब है कि दंपति के पुत्र जोस टायसन मार्टिन ने भी महत्वपूर्ण संपत्ति की जानकारी दी है, जिसमें उनके पास भी चल संपत्ति 225 करोड़ रुपए और अचल संपत्ति 439 करोड़ रुपए शामिल हैं। आय के संदर्भ में लीमा रोज़ (Leema Rose Martin) ने पिछले वित्तीय वर्ष में 9.82 करोड़ रुपए और उनके पति ने 11.39 करोड़ रुपए कमाए।
नकद राशि में उनके पास 5 लाख रुपए जबकि उनके पति के पास 56 लाख रुपए हैं। संपत्ति विवरण में कीमती धातुएं और रत्न भी शामिल हैं। लीमा रोज़ के पास 19,233 ग्राम सोना, 1,31,813 ग्राम चांदी, 1,217 कैरेट हीरे और 32 ग्राम प्लैटिनम हैं। उनके पति के पास 281 ग्राम सोना और 20,974 ग्राम चांदी जबकि बेटे के पास 326 ग्राम सोना और 60,380 ग्राम चांदी (ज्वैलरी सहित) है।
आपको बता दें कि लीमा रोज़ (Leema Rose Martin) ने अपने हलफनामे में इस बात का भी जिक्र किया है कि वो कहाँ तक पढ़ी हैं। हलफनामे के मुताबिक उन्होंने थिरुवाना की सरकारी स्कूल में केवल कक्षा 6 तक शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके खिलाफ चार आपराधिक मामले लंबित हैं। ये विवरण अनिवार्य चुनाव प्रक्रियाओं के तहत सार्वजनिक किए गए हैं और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के तेज होने के बीच जनता का ध्यान आकर्षित करने की संभावना है।
लीमा (Leema Rose Martin) के राजनीतिक करियर की बात करें, तो उन्होंने पिछले महीने मार्च में AIADMK पार्टी ज्वाइन की। इससे पहले वो टी.आर. पारिवेंधर की भारतीय जननायक काची (IJK) की संयुक्त महासचिव थीं, जो भाजपा की सहयोगी पार्टी है। वो पहली बार चुनावी मैदान में उतर रही हैं। लीमा सैंटियागो मार्टिन की पत्नी हैं, जो 'लॉटरी किंग' के नाम से मशहूर हैं।