तेलंगाना में मंत्री के बेटे पर सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सख्त कारवाई का आश्वासन दिया है। तेलंगाना सीएम ने भाजपा नेता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय के बेटे के खिलाफ पॉक्सो मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक सीवी आनंद को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भागीरथ के खिलाफ दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में तत्काल जांच शुरू करने का निर्देश दिया।
सीएम रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना डीजीपी को बंदी भागीरथ द्वारा एक नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले की व्यापक जांच के लिए विशेष दल गठित करने का निर्देश दिया है। बंदी भागीरथ के खिलाफ 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। लड़की की मां ने आरोप लगाया था कि भागीरथ पिछले छह महीनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। उस पर यह भी आरोप है कि उसने मोइनाबाद के एक फार्महाउस में भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा 11 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
बता दें कि 25 वर्षीय भागीरथ ने इससे पहले करीमनगर द्वितीय टाउन पुलिस स्टेशन में लड़की और उसके माता-पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि उन्होंने उसे हनी ट्रैप करने की कोशिश की और उसके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज न करने के लिए 5 करोड़ रुपए की मांग की। उनकी शिकायत पर लड़की और उसके माता-पिता के खिलाफ जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, आपराधिक साजिश और सामान्य इरादे के लिए बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बंदी संजय ने अपने बेटे के खिलाफ लगे आरोपों का खंडन किया है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस पूरे मामले को संज्ञान में लिया है और इस मामले में सख्त कारवाई के लिए प्रशासन को निर्देश दे दिया है। सीएम रेड्डी ने डीजीपी से सवाल किया कि 8 मई को पेट बशीरबाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई, इसके बावजूद कार्रवाई में देरी क्यों हुई। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद डीजीपी ने कथित तौर पर मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, डीजीपी आनंद ने मुख्यमंत्री को मामले की विस्तृत जानकारी दे दी है।
वहीं तेलंगाना की साइबराबाद पुलिस ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भागीरथ को मंगलवार को पॉक्सो मामले में नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर भागीरथ नोटिस का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस बीच, भागीरथ ने अंतरिम जमानत के लिए तेलंगाना हाईकोर्ट का रुख किया है। इस मामले पर 14 मई को सुनवाई होगी। भाजपा नेता बंदी संजय ने अपने बेटे पर लगे आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधी उनकी छवि खराब करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। करीमनगर में मंगलवार को आयोजित ‘हिंदू एकता’ रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बंदी संजय ने कहा कि उनके बेटे ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है।
उन्होंने कहा, ''अगर मेरे बेटे ने गलती की है तो उसे जरूर सजा मिलनी चाहिए, लेकिन मेरा बेटा कह रहा है कि उसने कुछ गलत नहीं किया। उसे अपराधी की तरह पेश करने की कोशिश की जा रही है।''