Puducherry Assembly Elections 2026: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को सभी 30 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की कोशिश जारी है। इसी बीच इस चुनाव में तकनीक और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला।
भारत निर्वाचन आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी दी कि पुडुचेरी में साड़ी पहने 'नीला' नाम का वेलकम रोबोट (welcome robot Nila) इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (आईईवीपी) (International Election Visitors Program) के प्रतिनिधियों का स्वागत कर रहा है। आयोग ने एक्स पोस्ट में लिखा, "पुडुचेरी में नवाचार और परंपरा का संगम। स्वागत करने वाला बॉट 'नीला', इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (आईईवीपी) के प्रतिनिधियों का स्वागत करता है, जो पुडुचेरी की जीवंत चुनावी प्रक्रिया के साक्षी बन रहे हैं।"
इससे पहले भी चुनाव आयोग ने एक वीडियो साझा करते हुए बताया था कि एक मतदान केंद्र पर रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रहा है। पोस्ट में कहा गया, "स्वैग के साथ स्वागत। पुडुचेरी के एक मतदान केंद्र पर एक रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रहा है। यह कर्तव्य और जिम्मेदारी का दिन है, चलिए वोट डालने चलते हैं।"
मतदान केंद्रों पर इस नीला रोबोट ने मतदाताओं को आकर्षित करने के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक और आकर्षक बनाने का भी काम किया है। मतदाताओं के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना की है।
मतदान शाम तक जारी रहेगा और सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करें। शासन, कल्याणकारी योजनाएं, रोजगार और नेतृत्व जैसे मुद्दे चुनाव के केंद्र में हैं। अब 4 मई को आने वाले नतीजे तय करेंगे कि पुडुचेरी में एनडीए सरकार बनी रहती है या राजनीतिक दिशा में बदलाव आता है।
[VT]
Also read:
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)