Assembly Election 2026 Exit Poll:कई एक्जिट पोल अब आने शुरू हो चुके हैं। साथ ही सबको इन्तजार है 4 मई का क्योंकि इसी दिन नतीजों की घोषणा होगी।  AI Generated
विधानसभा चुनाव 2026

एग्जिट पोल के नतीजों ने मचाई खलबली, बंगाल में बीजेपी, तो असम में इस पार्टी की सरकार? जानें 5 राज्यों का पूरा गणित

आज 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में विधानसभा के दूसरे चरण का चुनाव संपन्न हुआ। इसी के साथ चुनाव का पर्व अब समाप्त हो चुका है। 9 अप्रैल को शुरू हुए इस पर्व का आज समापन हो चुका है।

Author : Mayank Kumar

  • एग्जिट पोल के अनुसार बंगाल और असम में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना सकती है।

  • केरल में कांग्रेस (UDF) की वापसी और तमिलनाडु में स्टालिन का दबदबा बरकरार रहने का अनुमान है।

  • बंगाल और पुडुचेरी में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग ने 4 मई के नतीजों को बेहद दिलचस्प बना दिया है।

Assembly Election 2026 Exit Poll: आज 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में विधानसभा के दूसरे चरण का चुनाव संपन्न हुआ। इसी के साथ चुनाव का पर्व अब समाप्त हो चुका है। 9 अप्रैल को शुरू हुए इस पर्व का आज समापन हो चुका है। अप्रैल के महीने में 5 राज्यों में चुनाव हुए। 9 अप्रैल को केरल, पुडुचेरी, असम में चुनाव हुए। 23 अप्रैल को तमिलनाडु और बंगाल में पहले चरण का चुनाव हुआ जबकि 29 अप्रैल को बंगाल में दूसरे चरण का चुनाव समाप्त हुआ।

इसी के साथ अब जनता का मतदान अब EVM में कैद हो चुका है और सबको इन्तजार है 4 मई का क्योंकि इसी दिन नतीजों की घोषणा होगी। इसी बीच कई एक्जिट पोल अब आने शुरू हो चुके हैं। ऐसे में आइये इन 5 राज्यों के एक्जिट पोल पर एक नज़र डालते हैं।

असम में कौन मार रहा है बाजी?

असम में 9 अप्रैल को विधानसभा के चुनाव हुए थे। इस समय वहां बीजेपी की सरकार है और मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा हैं। इस राज्य में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर थी। कांग्रेस की और से गौरव गोगोई ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी जान झोंक दी थी। वो मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी थे। हालांकि, Axis My India ने अपना एक एक्जिट पोल (Assembly Election 2026 Exit Poll) जारी किया है। इसके मुताबिक राज्य में बीजेपी को 88 से 100 के बीच सीट मिलती नज़र आ रही है। ऐसे में यहाँ बीजेपी की सरकार बन सकती है। वहीं, कांग्रेस को 24 से 36 सीट मिलने का अनुमान है। हालांकि, नतीजे 4 मई को ही पता चलेंगे।

बंगाल में कौन मार रहा है बाजी?

बंगाल में दो चरण में चुनाव हुए। पहले चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग हुई जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोटिंग हुई। पहले चरण में जहाँ 93.19% मतदान हुआ था जबकि दूसरे चरण में भी ये आंकड़ा 90% के पार गया। मतलब यहाँ जनता ने खुलकर वोट दिया। बंगाल में TMC और बीजेपी के बीच लड़ाई थी।

एक तरफ ममता बनर्जी थीं, तो दूसरी ओर शुभेंदु अधिकारी मैदान में थे। मतदान समाप्त हो चुका है और इसी बीच मैट्रिक्स एग्जिट पोल (Assembly Election 2026 Exit Poll) ने अपना आंकड़ा जारी किया है। इनके हिसाब से राज्य में बीजेपी की सरकार बन रही है। कुल 294 सीटों पर हुए चुनाव पर बीजेपी को 146 से 161 सीट मिलने का अनुमान है। टीएमसी को 125 से 140 सीट मिलती नज़र आ रही है जबकि अन्य को 6 से 10 के बीच सीट मिल सकती है।

तमिलनाडु में कौन मार रहा है बाजी?

23 अप्रैल को तमिलनाडु में चुनाव हुए थे। एक ही चरण में सभी 234 सीटें का फाइनल मतदान प्रतिशत 84.69% रहा। राज्य में इस समय DMK की सरकार है। इसी बीच P Matrize और People's Pulse ने अपना एक्जिट पोल (Assembly Election 2026 Exit Poll) जारी किया है।

People's Pulse के अनुसार राज्य में DMK को 125 से 145 सीट मिलने का अनुमान है। NDA को 60 से 80 के बीच, TVK को 18 से 24 के बीच जबकि अन्य को 2 से 6 के बीच सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, P Matrize ने DMK को 122 से 132 सीटें दी हैं। NDA को 87 से 100, TVK को 10 से 12 जबकि अन्य को 0 से 6 सीट दी है।

केरलम में कौन मार रहा है बाजी?

केरलम में 9 अप्रैल को चुनाव हुए थे। यहाँ का फाइनल मतदान प्रतिशत 78.27% रहा था। मौजूदा समय में यहाँ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF - माकपा के नेतृत्व वाला गठबंधन) की सरकार है और सीएम पिनाराई विजयन हैं। इसी बीच VoteVibe का आंकड़ा सामने आया है।

इस एक्जिट पोल (Assembly Election 2026 Exit Poll) के मुताबिक केरलम में कांग्रेस के गठबंधन वाली UDF की वापसी हो रही है। इन्हें 79 से 80 सीट मिलने का अनुमान है जबकि LDF को 58 से 68 सीट मिल सकती है। वहीं, NDA को 0 से 4 सीट मिलने का अनुमान है।

पुदुचेरी में कौन मार रहा है बाजी?

पुदुचेरी में 9 अप्रैल को चुनाव हुए थे। यहाँ फाइनल मतदान प्रतिशत 91.23% रहा था। इस समय राज्य में AINRC-BJP गठबंधन (NDA) की सरकार है। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी हैं। यहाँ कुल 30 सीटों पर चुनाव हुआ था। इसी बीच People's Pulse का आंकड़ा सामने आया है। इस एक्जिट पोल (Assembly Election 2026 Exit Poll) के मुताबिक पुदुचेरी में फिर NDA की सरकार आ रही है। इस पोल के मुताबिक राज्य में NDA को 16 से 19 सीट मिल सकती है। कांग्रेस को 10 से 12 सीट मिलने का अनुमान है जबकि अन्य को 1 से 2 सीट मिल सकती है।

आपको बता दें कि ये फ़ाइनल आंकड़े नहीं है। नतीजे 4 मई को आएँगे। ये मात्र एक एक्जिट पोल (Assembly Election 2026 Exit Poll) हैं। इस एक्जिट पोल के आंकड़े भी बदल सकते हैं।