dalai lama knee surgery IANS
राष्ट्रीय

दलाई लामा के बाएं घुटने का सफल ऑपरेशन, चिकित्सक बोले-'रिकवरी अच्छी'

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा की बाएं घुटने की सर्जरी सफल रही है। उनके निजी चिकित्सकों ने सोमवार को हेल्थ बुलेटिन जारी किया।

IANS

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा की बाएं घुटने की सर्जरी सफल रही है। उनके निजी चिकित्सकों ने सोमवार को हेल्थ बुलेटिन जारी किया। दलाई लामा के बाएं घुटने का प्रत्यारोपण नई दिल्ली स्थित निजी अस्पताल में कराया गया।

दलाई लामा के निजी चिकित्सकों डॉ. त्सेतन डी. सदुतशांग, डॉ. तमदिन त्सेवांग, डॉ. त्सेरिंग ल्हाडोन और डॉ. तेनजिन सुंदू के साथ-साथ उनके सचिव टेनजिन एन. ताकला ने अपोलो अस्पताल में सफल प्रत्यारोपण सर्जरी के बाद उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी।

बयान के अनुसार, सर्जरी के बाद दलाई लामा को स्थिर स्थिति में अस्पताल के कमरे में वापस लाया गया। उनकी रिकवरी अच्छी हो रही है और उनका मनोबल भी अच्छा है।

जून 2024 में भी उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी के हॉस्पिटल फॉर स्पेशल सर्जरी में दाएं घुटने का सफल प्रत्यारोपण कराया था, जिसके बाद उनकी रिकवरी अच्छी रही थी।

चिकित्सकों ने बताया कि वर्तमान प्रक्रिया के बाद उनकी स्थिति स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल के मेडिकल, नर्सिंग और प्रशासनिक स्टाफ ने उनके उपचार में उत्कृष्ट देखभाल प्रदान की है। बयान में अस्पताल की पेशेवर सेवा, समर्पण और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया है।

तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर अनुयायियों की अच्छी खासी तादाद जुट गई। धर्मगुरु के दर्शन के लिए उनके अनुयायी बारिश में भी खड़े रहे।

पिछले काफी समय से दलाई लामा हिमाचल प्रदेश के मैकलोडगंज में ही रह रहे हैं। वर्ष 1959 में तिब्बत छोड़ने के बाद से वो भारत में शरण लिए हुए हैं और उन्होंने धर्मशाला को अपना स्थायी निवास बनाया है।

धर्मगुरु दलाई लामा अपने घुटने के दर्द से काफी समय से परेशान चल रहे थे। घुटने की सर्जरी करवाने के बाद दलाई लामा जून के अंत में लद्दाख जाएंगे। वहां वे एक विस्तारित अवधि तक प्रवास करेंगे। लद्दाख में उनके कार्यक्रमों और प्रवास की विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। [SP]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)