असम चुनाव एग्जिट पोल : IANS
राष्ट्रीय

असम चुनाव एग्जिट पोल : 'मामा मैजिक' बरकरार, भाजपा की तीसरी बार सत्ता में वापसी, कांग्रेस को जोरदार झटका

असम विधानसभा चुनाव के लिए सभी 126 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान संपन्न हुए थे। अब, 4 मई को नतीजों का इंतजार है।

IANS

असम विधानसभा चुनाव के लिए सभी 126 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान संपन्न हुए थे। अब, 4 मई को नतीजों का इंतजार है। इसी बीच, असम की जोरदार सियासी लड़ाई को लेकर बुधवार को कई एग्जिट पोल के रूझानों में भाजपा की तीसरी बार सत्ता में वापसी दिखाई गई है।

असम विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, 126 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी 63 सीटों के मुकाबले भाजपा को 88 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस गठबंधन को 24 से 36 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में कोई सीट जाती नहीं दिख रही है।

मैटराइज के एग्जिट पोल की बात करें तो इसमें भी भाजपा गठबंधन को मजबूत स्थिति में दिखाया गया है। इस सर्वे के मुताबिक भाजपा गठबंधन को 85 से 95 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 25 से 32 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य को 6 से 12 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

पीपुल्स पल्स के एग्जिट पोल में भी भाजपा गठबंधन को बढ़त दिखाई गई है। इसके सर्वे में भाजपा गठबंधन को 68 से 72 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 22 से 26 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 7 से 15 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।

जेवीसी के एग्जिट पोल में भी असम में भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। सर्वे के अनुसार, भाजपा गठबंधन को 88 से 101 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 23 से 33 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 2 से 5 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।

पी-मार्क के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 82 से 94 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 30 से 40 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 1 से 5 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।

पोल डायरी के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 86 से 101 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 15 से 26 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 3 से 7 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।

वोटवाइब के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 90 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 23 से 33 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 0 से 6 सीटें जाने की संभावना जताई गई है।

अगर इस विधानसभा चुनाव की बात करें तो असम में कुल 2,49,58,139 मतदाता थे। इनमें 5.75 लाख से अधिक फर्स्ट टाइम वोटर्स थे। इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में उतरे, जिनकी किस्मत ईवीएम में बंद हुई। मुख्य मुकाबला भाजपा नीत एनडीए और कांग्रेस गठबंधन के बीच रहा।

मतदान प्रतिशत की बात करें तो असम में इस बार रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई। राज्य में कुल मतदान 85.38 प्रतिशत रहा, जो अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत माना जा रहा है।

आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने ज्यादा मतदान किया। पुरुषों का मतदान 84.80 प्रतिशत, महिलाओं का 85.96 प्रतिशत और थर्ड जेंडर मतदाताओं का मतदान 36.84 प्रतिशत दर्ज किया गया।

यहां आपको बता दें कि एग्जिट पोल से जुड़े आंकड़ें अंतिम नहीं हैं। सही नतीजों की जानकारी 4 मई को मतगणना के बाद सामने आ सकेगी। उसी दिन पता चलेगा कि असम में किसकी सरकार बनने जा रही है। [SP]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)