ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) (IRGC) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स की “नई उन्नत रक्षा प्रणाली” ने मध्य ईरान के आसमान में अमेरिका के एक और एफ-35 फाइटर जेट (F-35 fighter jet) को मार गिराया है।
ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना गिराए गए फाइटर जेट के पायलट को खोजने के लिए अभियान चला रही है, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पश्चिमी ईरान के कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत में अमेरिकी बलों ने पायलट को तलाशने के लिए ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर (Black-hawk helicopter) और सी-130 हरक्यूलिस विमान (C-130 Hercules plane) का इस्तेमाल किया, लेकिन उनके प्रयास विफल रहे।
बताया गया है कि जेट के नष्ट होने के बाद पायलट ने इजेक्ट कर लिया था और वह ईरान के भीतर ही उतरा। आईआरजीसी (Iran Revolutionary Guard Corps) के मुताबिक, यह लड़ाकू विमान लैकनहीथ स्क्वाड्रन का था और पूरी तरह तबाह हो चुका है।
तस्नीम की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी पायलट को ईरानी सैन्य बलों ने पकड़ लिया हो सकता है। हालांकि, कुछ सूत्रों का कहना है कि अमेरिका को शक है कि पायलट जीवित है और उसे निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इससे पहले भी आईआरजीसी ने दावा किया था कि उसने ईरान (Iran) के दक्षिणी हवाई क्षेत्र में अमेरिका के एफ-16 फाइटिंग फाल्कन और एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया था।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है, जिसके जवाब में ईरान और उसके सहयोगियों ने मध्य पूर्व में अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया है।
[VT]
Also read:
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)