कुछ सितारों की जिंदगी खुद किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं Wikimedia Commons
मनोरंजन

हार्ट अटैक की एक्टिंग कर रहा था अभिनेता, लेकिन सच में हो गया निधन, मात्र 44 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

एक अभिनेता कैमरे के सामने मौत की एक्टिंग कर रहा था, मगर किसी को अंदाजा नहीं था कि वह सीन उसकी जिंदगी का आखिरी सीन बन जाएगा।

Author : Sarita Prasad

हिंदी सिनेमा की दुनिया में कई ऐसे कलाकार हुए, जिन्होंने अपने अभिनय से लोगों को हंसाया, रुलाया और हमेशा के लिए दिलों में जगह बना ली। लेकिन कुछ सितारों की जिंदगी खुद किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। 68 साल पहले एक ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिला दिया था। एक अभिनेता कैमरे के सामने मौत की एक्टिंग कर रहा था, मगर किसी को अंदाजा नहीं था कि वह सीन उसकी जिंदगी का आखिरी सीन बन जाएगा। “अब मैं ऊपर जा रहा हूं...” यह डायलॉग बोलते ही अभिनेता जमीन पर गिर पड़ा और सेट पर मौजूद लोग तालियां बजाते रह गए। बाद में जब सच सामने आया, तो हर कोई सन्न रह गया। यह कहानी है मशहूर कॉमेडियन गोप की, जिन्होंने अपने शानदार अभिनय से लाखों लोगों को हंसाया, लेकिन दुनिया को अलविदा बेहद दर्दनाक तरीके से कहा।

डॉयलॉग बोलते ही हुई मौत

साल 1957 में ‘तीसरी गली’ (Teesri Gali) नाम की फिल्म की शूटिंग चल रही थी। उस दौर में गोप (Gope) कॉमेडी फिल्मों का बड़ा नाम थे और उनकी मौजूदगी ही किसी भी फिल्म को खास बना देती थी। फिल्म के एक सीन में उन्हें हार्ट अटैक आने की एक्टिंग करनी थी। सीन के मुताबिक उन्हें मरने से पहले कहना था “अब मैं ऊपर जा रहा हूं...”। जैसे ही उन्होंने यह डायलॉग बोला, वह जमीन पर गिर पड़े। सेट पर मौजूद सभी लोगों को लगा कि वह हमेशा की तरह शानदार अभिनय कर रहे हैं। उनकी एक्टिंग इतनी असली लगी कि लोग तालियां बजाने लगे। किसी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि कैमरे के सामने जो हो रहा है, वह सच बन चुका है।

गोप (Gope)

कुछ देर बाद जब गोप नहीं उठे, तब लोगों को शक हुआ। यूनिट के सदस्य उनके पास पहुंचे और उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अभिनेता इस दुनिया को छोड़ चुके थे। फिल्म के सेट पर हुई इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिस कलाकार ने पूरी जिंदगी लोगों को हंसाया, उसकी आखिरी घड़ी इतनी दर्दनाक होगी, यह किसी ने नहीं सोचा था। उस समय गोप की उम्र सिर्फ 44 साल थी और वह अपने करियर के शानदार दौर में थे।

कौन थे कॉमेडी किंग गोप?

हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध हास्य अभिनेता गोपे (Gope Kamlani) का जन्म 11 अप्रैल 1913 को हैदराबाद, सिंध (अब पाकिस्तान में) में हुआ था। गोप का असली नाम गोप विशनदास कामलानी (Gop Vishandas Kamalani) था। उन्होंने हिंदी सिनेमा में कॉमेडी को एक अलग पहचान दिलाई थी। 1930 और 40 के दशक में वह फिल्मों के सबसे लोकप्रिय कॉमिक स्टार्स में गिने जाते थे। उनकी कॉमिक टाइमिंग, चेहरे के एक्सप्रेशन और अलग अंदाज ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया था। उन्होंने अपने करियर में 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और हर किरदार में अपनी अलग छाप छोड़ी। खास बात यह थी कि छोटे से रोल में भी वह पूरी फिल्म का ध्यान अपनी तरफ खींच लेते थे। मशहूर हिंदी फिल्म अभिनेता और कॉमेडियन गोपे (गोप बिशनदास कमलानी) का निधन 19 मार्च 1957 को मुंबई में हुआ था।

‘मेरे पिया गए रंगून’ (Mere Piya Gaye Rangoon) गाने ने गोप को घर-घर में मशहूर कर दिया था। यह गाना फिल्म ‘पतंगा’ का था, जिसमें उनके साथ निगर सुल्ताना नजर आई थीं। “मेरे पिया गए रंगून, किया है वहां से टेलीफोन...” उस दौर का सुपरहिट गीत बन गया था। आज भी यह गाना पुराने हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार गीतों में गिना जाता है। इस गाने में गोप का मजेदार अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था और यही उनकी पहचान बन गया।

दिलचस्प बात यह है कि ‘तीसरी गली’ फिल्म गोप के निधन के करीब एक साल बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। जब दर्शकों ने फिल्म देखी, तो उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि स्क्रीन पर दिखाई देने वाला वह सीन असल जिंदगी में अभिनेता की आखिरी सांसों का गवाह बन चुका है। यही वजह है कि गोप की कहानी आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे दर्दनाक और रहस्यमयी घटनाओं में गिनी जाती है। [SP]