फिल्मी दुनिया में जब तेजी से चमकीं एक्ट्रेस रंभा, लोगों ने दिया IANS
मनोरंजन

फिल्मी दुनिया में जब तेजी से चमकीं एक्ट्रेस रंभा, लोगों ने दिया 'साउथ की दिव्या भारती' का टैग

90 के दशक में मासूमियत, बड़ी आंखों और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से रंभा ने साउथ से बॉलीवुड तक तेजी से पहचान बनाई, लगातार हिट फिल्मों के साथ उन्हें ‘साउथ की दिव्या भारती’ कहा जाने लगा

IANS

90 के दशक का दौर भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास था। इसी समय कई नई और खूबसूरत अभिनेत्रियों ने इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई, जिन्होंने अपनी मासूमियत से दर्शकों का दिल जीत लिया। इन्हीं में से एक नाम था एक्ट्रेस रंभा का, जिन्हें लेकर उस समय फिल्मी दुनिया में एक दिलचस्प तुलना बहुत चर्चा में रही।

कई दर्शक और फिल्म समीक्षक उन्हें 'साउथ की दिव्या भारती' कहकर बुलाते थे। यह तुलना उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और करियर के शुरुआती दौर की तेजी को देखकर होती थी।

रंभा का जन्म 5 जून 1976 को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में हुआ था। उनका असली नाम विजयलक्ष्मी है। उनको बचपन से ही अभिनय और डांस में रुचि थी। उन्होंने बहुत छोटी उम्र में फिल्मों में कदम रखा।

साल 1992 में आई मलयालम फिल्म 'सरगम' से उन्होंने डेब्यू किया। उस समय उनकी उम्र महज 16 साल थी। पहली ही फिल्म में उन्हें दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और उनका चेहरा धीरे-धीरे साउथ सिनेमा में पहचान बनाने लगा। इसके बाद उन्होंने तेलुगु और तमिल फिल्मों में तेजी से काम करना शुरू किया और बहुत कम समय में वह एक लोकप्रिय चेहरा बन गईं।

यहीं से उनकी तुलना दिव्या भारती से शुरू हुई। दिव्या भारती ने भी बहुत कम उम्र में फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से पहचान बनाई थी और अपने छोटे से करियर में ही सुपरस्टार जैसी लोकप्रियता हासिल कर ली थी। रंभा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उनकी मासूमियत, बड़ी आंखें और कैमरे के सामने दमदार अभिनय ने दर्शकों को आकर्षित किया। साथ ही उनकी फिल्मों की तेज रफ्तार और लगातार हिट प्रोजेक्ट्स ने उन्हें उस समय की सबसे चर्चित नई एक्ट्रेस बना दिया। इसी वजह से मीडिया ने उन्हें 'साउथ की दिव्या भारती' कहना शुरू कर दिया।

रंभा ने जल्द ही बॉलीवुड का रुख किया और 1995 में फिल्म 'जल्लाद' से हिंदी फिल्मों में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने सलमान खान के साथ 'जुड़वा' और 'बंधन', गोविंदा के साथ कॉमेडी फिल्मों और अक्षय कुमार, अजय देवगन जैसे सितारों के साथ कई फिल्मों में काम किया। उनकी कॉमिक टाइमिंग और ग्लैमरस रोल्स ने उन्हें 90 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। खासकर 'जुड़वा' में उनका किरदार आज भी याद किया जाता है।

अपने पूरे करियर में रंभा ने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया, जिनमें तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़, हिंदी, भोजपुरी और बंगाली फिल्में शामिल हैं। उन्हें कई फिल्मों के लिए नामांकन भी मिले और उन्होंने टीवी शोज में जज के रूप में भी काम किया। धीरे-धीरे उन्होंने साउथ और बॉलीवुड दोनों इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बना ली।

साल 2010 में रंभा ने कनाडा के बिजनेसमैन इंद्र कुमार पद्मनाथन से शादी कर ली और फिल्मों से दूरी बना ली। इसके बाद वह पारिवारिक जीवन में व्यस्त हो गईं और अपने बच्चों की परवरिश में समय देने लगीं। हालांकि वह समय-समय पर टीवी शो और सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं।

[PY]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)