

केरल में 42 वर्षीय दीपक ने वायरल वीडियो और आरोपों के बाद आत्महत्या की।
मां की शिकायत पर शिमजिथा मुस्तफा पर BNS 108 में केस, 14 दिन की हिरासत।
शिमजिथा ने इरादा गलत न होने की बात कही, सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा।
फिल्म 3 इडियट्स में एक डायलॉग है, 'आज तक ऐसी कोई मशीन बनी ही नहीं, जो दिमाग का प्रेशर बता सके।' असल जीवन में ज़िन्दगी भी ऐसी ही है। कभी आपको इतनी खुशियां मिलेगी कि उसे आप संभालते नहीं थकेंगे लेकिन कभी इतना दुःख मिलेगा कि उसे सह नहीं पाएंगे। इसलिए कुछ लोग कहते हैं, ज़िन्दगी बहुत ज़ालिम है।
ऐसा ही एक मामला केरल (Kerala) से सामने आया है जहाँ एक लड़की की गलती से किसी के घर का 'दीपक' बुझ गया और अब वो कभी लौटकर नहीं आएगा। लड़की का नाम शिमजिथा मुस्तफ़ा (Shimjitha Musthafa) है और उसके एक वीडियो ने 42 वर्षीय पुरुष की जान ले ली। क्या है पूरा मामला आइये समझते हैं?
18 जनवरी 2026 को केरल (Kerala) में एक 42 साल के व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 17 जनवरी को ही उन्होंने अपना 42वां जन्मदिन मनाया था लेकिन रविवार को यह खबर सामने आई कि दीपक (Deepak) ने गोविंदपुरम में अपने कमरे में फांसी लगा ली। मामला दरअसल ऐसा था कि एक महिला जिसका नाम शिमजिथा मुस्तफ़ा (Shimjitha Musthafa) है, उसने दीपक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया और फिर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
मुस्तफा का आरोप था कि कन्नूर ज़िले में एक निजी बस में यात्रा के दौरान दीपक (Deepak) ने 'सेक्शुअल बाउंड्री' का उल्लंघन किया और उन्हें ग़लत तरीके से छूने की कोशिश की। वीडियो जब वायरल हो गया, तब ये दीपक के पास भी पहुंचा। इसे देखने के बाद वो मानसिक तनाव में चला गया और 18 जनवरी को फांसी लगा ली।
शिमजिथा मुस्तफ़ा (Shimjitha Musthafa) की बात करें, तो वो केरल (Kerala) की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पूर्व पंचायत सदस्य हैं। वो केरल की एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) की एक सक्रिय सदस्य और कार्यकर्ता हैं। साथ ही वो 2020 से 2025 के बीच अरीकोड में पंचायत सदस्य के तौर पर काम कर चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने केरल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में IUML की उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। शायद ये मामला इसीलिए तूल पकड़ रहा है क्योंकि शिमजिथा मुस्तफ़ा का राजनीतिक जुड़ाव है।
जिस घटना की हम बात कर रहे हैं वो 13 जनवरी 2026 के आसपास हुई थी। शिमजिथा मुस्तफा (Shimjitha Musthafa) एक बस में सवार थीं और वो कोझिकोड (Kozhikode) जा रही थीं। बस में उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उन्होंने दिखाने की कोशिश की कि दीपक (Deepak) नामक व्यक्ति उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा है। मुस्तफा ने दीपक का चेहरा दिखाते हुए ये वीडियो रिकॉर्ड किया था। इसके बाद महिला ने इसे अपने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद दीपक की काफी फजीहत होनी शुरू हो गई। लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल किया।
शायद यही कारण है कि तनाव में आकर उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। हालांकि, अब उनकी मृत्यु के बाद सोशल मीडिया भी दो गुटों में बंट गया है। कई लोग अब दीपक के प्रति हमदर्दी जता रहे हैं और शिमजिथा मुस्तफा (Shimjitha Musthafa) को झूठा वीडियो डालने के लिए ट्रोल कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि उन्होंने चंद व्यूज (Views) के लिए ऐसा किया।
एक घर का 'दीपक' बुझ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शिमजिथा मुस्तफा (Shimjitha Musthafa) ने जो वीडियो शेयर किया था, उससे दीपक पूरी तरह टूट गए थे और अपने पीछे बूढ़े माता-पिता को छोड़ गए। इस घटना के बाद दीपक (Deepak) की मां ने मुस्तफा के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
पुलिस ने BNS धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 21 जनवरी 2026 को केरल पुलिस ने शिमजिथा मुस्तफा को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, महिला को अपने किये गए कृत्य पर पछतावा नहीं है और वो वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने मामले को सही बता रही है।
मुस्तफा का कहना है कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। उन्होंने समाज के मानसिक मुद्दे को उजागर करने के लिए ये वीडियो बनाया था। मेरा इरादा किसी को आत्महत्या के लिए उकसाना बिल्कुल भी नहीं था। ऐसे लोगों के बर्ताव को सुधारना जरूरी है। महिला के बयान का सार यही है कि उन्होंने जो किया वो सही किया। ये सभी बातें उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कही हैं और जो वीडियो उन्होंने पोस्ट किया था, उसे भी डिलीट कर दिया है।
मृतक दीपक (Deepak) अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और वो एक टेक्सटाइल कंपनी में सेल्स प्रतिनिधि के पद पर थे। जब ये घटना हुई थी, तब वो कोझिकोड से वापस लौट रहे थे। जिस दिन उन्होंने फांसी लगाई थी, उसी दिन वो किसी वकील से मिलकर शिमजिथा मुस्तफा के खिलाफ कार्यवाई करने की बात कर रहे थे लेकिन बाद में खबर आई कि उन्होंने खुद दुनिया को अलविदा कह दिया।
बता दें कि दीपक की माता का नाम के. कन्यका (K. Kanyaka) बताया जा रहा है जबकि पिता का नाम उन्नीकृष्णन है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वो अविवाहित थे। दीपक (Deepak) के चचेरे भाई जिजिल विजय का कहना है कि माता-पिता अभी सदमें में हैं और माता जी की तबियत भी ठीक नहीं है। वहीं, दीपक के दोस्त भी इस घटना से हैरान हैं। उनके मुताबिक वो ऐसा व्यक्ति नहीं था, जो किसी महिला के लिए मन में गलत भावना रखे।
खैर अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्यवाई करती है।