रूस का यूक्रेन पर बड़ा मिसाइल हमला, जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रीह में छह की मौत IANS
World

रूस का यूक्रेन पर बड़ा मिसाइल हमला, जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रीह में छह की मौत

रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और हवाई हमले किए, जिनमें 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई। इनमें से छह राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रीह क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों में पांच और 12 वर्ष की दो बच्चियां भी शामिल हैं।

IANS

रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और हवाई हमले किए, जिनमें 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई। इनमें से छह राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रीह क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों में पांच और 12 वर्ष की दो बच्चियां भी शामिल हैं। राजधानी कीव में भी एक व्यक्ति के मारे जाने की पुष्टि की गई। हमलों से कुछ घंटे पहले ही यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देशव्यापी बड़े हमले की चेतावनी दी थी।

रॉयटर्स के मुताबिक राष्ट्रपति जेलेंस्की के गृहनगर 'क्रिवी रीह' सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विलकुल ने बताया कि वोरोनेझ क्षेत्र से दागी गई इस्कंदर-एम बैलिस्टिक मिसाइल ने शहर के बाहरी इलाके में एक निजी मकान को सीधे निशाना बनाया। इस हमले में एक ही परिवार के चार वयस्कों के साथ ही पांच और 12 वर्ष की दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

कीव सैन्य प्रशासन ने बताया कि राजधानी में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। कीव के मेयर विताली क्लिस्चको ने कहा कि शहर के कई जिलों में आग लग गई। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बैलिस्टिक मिसाइल हमले के खतरे को देखते हुए वे सुरक्षित शरणस्थलों में रहें।

पश्चिमी यूक्रेन के शहर ल्वीव में भी रूसी हवाई हमलों से कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा। मेयर आंद्री सादोवी ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

हमलों से कुछ घंटे पहले राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा था कि रूस कई दिनों से बड़े हमले की तैयारी कर रहा है और रात में व्यापक हमले की आशंका है। उन्होंने सभी क्षेत्रों के नागरिकों से एयर-रेड अलर्ट पर ध्यान देने और सुरक्षित रहने का आग्रह किया।

रूसी हमलों के बीच यूक्रेन की सीमा से लगे पोलैंड ने अपने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमानों और एक प्रारंभिक चेतावनी विमान को तैनात कर दिया। पोलैंड की सेना ने बताया कि जमीनी वायु रक्षा और रडार निगरानी प्रणालियों को भी उच्च सतर्कता पर रखा गया है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक बार फिर पश्चिमी सहयोगी देशों से यूक्रेन को अधिक वायु रक्षा मिसाइलें उपलब्ध कराने की अपील करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा उनके सहयोगियों की तत्परता पर निर्भर करती है।

इस बीच रूस के पश्चिमी शहर पेंजा में एक यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद ऑनलाइन रिटेलर वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेग मेलनिचेंको के अनुसार, इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ, जबकि लगभग 200 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें:

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)