बंगाल में भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतकर बनाएगी सरकार: हिमंता बिस्वा सरमा IANS
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026

बंगाल में भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतकर बनाएगी सरकार: हिमंता बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सीएम ममता बनर्जी के चुनाव जीतने के दावे पर जोरदार पलटवार किया।

IANS

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सीएम ममता बनर्जी के चुनाव जीतने के दावे पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का चेहरा देखा है, वे इंशाल्लाह-इंशाल्लाह, खुदा हाफिज-खुदा हाफिज कह रही हैं, यह चुनाव हारने से पहले का उनका स्वर है।

आईएएनएस से बातचीत में हिमंता बिस्वा सरमा ने भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी और 4 मई को राज्य में भाजपा की सरकार बन जाएगी।

आईपैक मामले पर सरमा ने कहा कि ये आईपैक नहीं हैं, ये सब गुंडे, बदमाश और ठग हैं। इन लोगों को जेल में डाल देना चाहिए। चुनावों में भाजपा और तृणमूल पार्टी आपस में लड़ती हैं। ये आईपैक वाले कहां से आ जाते हैं, ये सब एजेंट, गुंडे और बदमाश हैं। इन सभी को बाहर निकाल देना चाहिए।

टीएमसी नेताओं के वायरल वीडियो पर सरमा ने चेतावनी देते हुए कहा कि हम यह नहीं कहेंगे कि हम उन्हें फांसी पर चढ़ा देंगे, लेकिन कानून के रास्ते पर चलकर उन्हें फांसी जरूर दी जा सकती है। इसलिए टीएमसी के लोगों के लिए यही बेहतर होगा कि वे ज्यादा न बोलें।

पीएम मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर सरमा ने कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भाषा में कोई तहजीब या संस्कृति नहीं है। वे जो मन में आता है, कह देते हैं। खड़गे जैसे नेता को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए था।

पहलगाम हमले की पहली बरसी पर सरमा ने कहा कि आज बहुत दुखद दिन है। हमें उस दिन की याद आती है, जब 26 लोगों ने अपनी जान गंवाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए बहुत-बहुत बधाई।

सरमा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के यूसीसी वाले बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में यूसीसी लागू होगा। बंगाल के साथ ही साथ पूरे देश में यूसीसी आएगा।

पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के लिए गुरुवार को वोटिंग होगी। दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। परिणाम 4 मई को घोषित किया जाएगा। चुनाव आयोग ने पहले चरण की वोटिंग के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। [S{]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)