असम, केरल और पुडुचेरी चुनाव के 10 अहम बिंदु Pixabay
असम विधानसभा चुनाव 2026

Assembly Election 2026: असम, केरल, पुडुचेरी में मतदान खत्म, जानें चुनावी दिन की 10 बड़ी बातें

असम, केरल और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां सुबह से ही मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

Author : Sarita Prasad

असम, केरल और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां सुबह से ही मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दिनभर मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी हुई और कई जगहों पर लंबी कतारें नजर आईं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की झड़पें और सियासी बयानबाजी भी चर्चा में रही। चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया रहा और नेताओं के बयान सुर्खियों में बने रहे। इस रिपोर्ट में हम आपको चुनाव से जुड़ी ऐसी ही 10 बड़ी और अहम खबरों के बारे में बताएंगे, जो पूरे दिन चर्चा का केंद्र रहीं।

1.असम में बयानबाजी: किसने किस पर साधा निशाना

असम में मतदान के दिन मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने अपनी सरकार के कामकाज का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर विकास को नकारने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

वहीं कांग्रेस नेता भूपेन कुमार बोराह (Bhupen Kumar Borah) ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार सिर्फ दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे जस के तस हैं। इसके अलावा एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल (Badruddin Ajmal) ने भी सरकार पर अल्पसंख्यकों की अनदेखी का आरोप लगाया।

2.“इलेक्शन शेड्यूल पक्षपातपूर्ण”: केरल से आरोप

केरल में चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव की तारीखें इस तरह तय की गईं, जिससे विपक्षी दलों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शेड्यूल घोषित करते समय स्थानीय परिस्थितियों और राजनीतिक संतुलन का सही तरीके से ध्यान नहीं रखा गया। वेणुगोपाल के अनुसार, इससे चुनाव प्रचार और रणनीति पर असर पड़ा है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। आयोग ने पहले ही कहा था कि सभी निर्णय निष्पक्षता और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं।

3.सुरेन दैमरी के खिलाफ FIR की मांग

उदलगुरी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार सुरेन दैमरी के खिलाफ आज शिकायत दर्ज कराई गई है| आरोप है कि उन्होंने पार्टी के खिलाफ बयान दिए और इस्तीफा दे दिया। सुरेन दैमरी ने कथित तौर पर पार्टी नेतृत्व पर आरोप लगाए थे कि उन्हें उचित सम्मान और समर्थन नहीं दिया जा रहा है, और टिकट/नेतृत्व को लेकर पार्टी में अंदरूनी असंतोष है। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है। इन्हीं बयानों और पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर FIR की मांग की गई, जिसे पार्टी ने “झूठे और बेबुनियाद आरोप” बताया। शिकायतकर्ता ने कहा कि पार्टी ने हमेशा उनका समर्थन किया, लेकिन उनके आरोप बेबुनियाद हैं।

4.असम में चुनावी हिंसा: वोटिंग के बीच झड़प, 7 लोग गिरफ्तार

असम में विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ जगहों पर चुनावी हिंसा की घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटनाएं वोटिंग वाले दिन यानी 9 अप्रैल 2026 को सामने आईं, जब राज्य में 126 सीटों पर मतदान जारी था। जानकारी के अनुसार, वोटिंग शुरू होने से पहले ही कुछ इलाकों जैसे तमुलपुर और शिवसागर में दो गुटों के बीच झड़प हो गई थी। हालात बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा और स्थिति संभालने के लिए हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।

5.गोलाघाट के मेरापानी पोलिंग स्टेशन पर वोटिंग बाधित

असम के गोलाघाट जिले के मेरापानी-कल्याणपुर पोलिंग स्टेशन पर मतदान के दौरान अचानक तनाव की स्थिति बन गई, जिससे कुछ समय के लिए वोटिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई। बताया जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद माहौल गर्म हो गया और मतदान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। स्थिति सामान्य होने के बाद दोबारा मतदान शुरू कराया गया। इस दौरान किसी बड़ी हिंसा या गंभीर चोट की खबर नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

6.बीजेपी कोई फैक्टर नहीं है- शशि थरूर

वोट डालने के बाद शशि थरूर ने कहा है, 'कोई भी सीट ऐसी नहीं है जहां बीजेपी आगे हो। बीजेपी कोई फैक्टर नहीं है। यह ऐसा राज्य है जहां की विधानसभा में बीजेपी जीरो सीट वाली पार्टी है।

7.रमेश चेन्निथला 100 से ज्यादा सीटें आ रही?

कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने वोट डालने के बाद कहा है, 'हमें पूरा भरोसा है कि हमारी सरकार आ रही है। हमारी 100 से ज्यादा सीटें आ रही हैं। लोग इस सरकार से थक गए हैं और पिनराई विजयन को गुड बाय कह रहे हैं। 

8.असम विधानसभा चुनाव के पहले दो घंटों में लगभग 18% मतदान दर्ज किया गया।

असम विधानसभा चुनाव में पहले दो घंटों में लगभग 18% मतदान दर्ज किया गया। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के दौरान सुबह 9 बजे तक करीब 17.87 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है, जबकि कांग्रेस करीब एक दशक बाद फिर से सत्ता हासिल करने की उम्मीद में है। राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है, जहां लगभग 2.5 करोड़ मतदाता अपने वोट डालने के लिए पात्र हैं।

9.“वह हार चुके हैं…” DMK नेता का EPS पर हमला

चुनावी माहौल के बीच डीएमके नेता टी.के.एस. एलंगोवन ने एआईएडीएमके नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पलानीस्वामी को अपनी हार का अंदाजा हो चुका है, इसलिए वे असली मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं। एलंगोवन ने उनके कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के अंदरूनी हालात और नेतृत्व को लेकर EPS की स्थिति कमजोर रही है। इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया।

10. फाइनल मतदान प्रतिशत

असम, केरल और पुडुचेरी में इस बार मतदान ने नए रिकॉर्ड की ओर इशारा किया है। अंतिम आंकड़ों के अनुसार तीनों राज्यों में मतदाताओं की भागीदारी काफी ज्यादा रही, जो लोकतंत्र के प्रति लोगों की जागरूकता को दर्शाता है। पिछले चुनावों की तुलना में इस बार वोटिंग प्रतिशत में साफ बढ़ोतरी देखने को मिली है, खासकर पुडुचेरी और असम में।

ताजा आंकड़े:

असम: 85.24%

केरल: 77.75%

पुडुचेरी: 89.56%