श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान, अल्जारी-शेमार की वापसी ians
खेल

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान, अल्जारी-शेमार की वापसी

West Indies squad: श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है।

IANS

West Indies squad: श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। शेमार जोसेफ और अल्जारी जोसेफ की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। वहीं, जोशुआ डा सिल्वा और आमिर जंगू को भी टीम में वापस बुलाया गया है।

अल्जारी और शेमार दोनों पिछले साल के आखिर में चोट की वजह से भारत और न्यूजीलैंड दौरे पर खेली गई टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं रहे थे। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपना आखिरी टेस्ट सीरीज घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली थी। जोसेफ और शेमार की वापसी से वेस्टइंडीज का तेज गेंदबाजी अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है।

घरेलू सीजन में लगातार शानदार प्रदर्शन करने का इनाम जोशुआ सिल्वा को मिला है। उन्होंने हाल ही में खत्म हुई वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 पारियों में 413 रन बनाए थे, और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। जोशुआ को टेविन इमलाच की जगह पर टीम में शामिल किया गया है। इमलाच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। वह 6 पारियों में महज 81 रन ही बना सके थे।

जनवरी 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलने वाले जंगू की लंबे समय बाद वेस्टइंडीज टीम में वापसी हुई है। घरेलू सीजन में जंगू का प्रदर्शन भी शानदार रहा और उन्होंने 7 पारियों में कुल 411 रन बनाए और जोशुआ के बाद टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए 15 में से 7 खिलाड़ी अभी एंटीगुआ में एक हाई-परफॉर्मेंस कैंप में हिस्सा ले रहे हैं, जो 12 से 22 जून तक चलना है। श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज का हिस्सा रहे खिलाड़ी इस कैंप में 15 जून को शामिल हुए हैं। यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। टेस्ट सीरीज का पहला मैच 25-29 जून तक खेला जाना है। वहीं, दूसरा टेस्ट 3 से 7 जुलाई तक खेला जाएगा।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज का स्क्वॉड: रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वार्रिकन (उपकप्तान), जॉन कैंपबेल, टेगनेरिन चंद्रपॉल, जोशुआ डा सिल्वा (विकेट कीपर), जस्टिन ग्रीव्स, कावेम हॉज, शाई होप, आमिर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शेमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, केमर रोच, जेडन सील्स। (MK)

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)