टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल की रेस से पाकिस्तान इस समीकरण से होगा बाहर  X
खेल

श्रीलंका के कारण सेमीफाइनल की रेस से बाहर होगा पाकिस्तान, ये समीकरण बिगाड़ेगा खेल

शनिवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच खेला जाना है। श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है।

Author : Mayank Kumar

  • साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड क्वालीफाई कर चुके हैं, जबकि भारत का भविष्य वेस्टइंडीज मैच पर निर्भर है।

  • सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज कर नेट रन रेट में न्यूजीलैंड से आगे निकलना होगा।

  • पहला सेमीफाइनल इडेन गार्डन में होना है, लेकिन पाकिस्तान के क्वालीफाई करने पर स्थान बदल सकता है, जबकि दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े स्टेडियम में ही होगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टूर्नामेंट अपने रोमांचक मोड़ पर पहुँच चुका है। ग्रुप 1 से साऊथ अफ्रीका क्वालीफाई कर चुका है जबकि ग्रुप 2 से इंग्लैंड क्वालीफाई कर चुका है। हालांकि, अभी भी भारत सेमीफाइनल में जाने से एक कदम दूर है। रविवार को होने वाले वेस्टइंडीज से मुकाबले के बाद यह तय हो जाएगा की भारत का सफर बचा है या खत्म हो चुका है।

दूसरी तरफ पाकिस्तान के ऊपर भी तलवार लटकी हुई है। शनिवार को टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप 2 के सुपर-8 का आखिरी मुकाबला पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, कैंडी में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाना है लेकिन श्रीलंका पाकिस्तान का खेल बिगाड़ सकता है। आइये जानते हैं कैसे?

सेमीफाइनल से बाहर होगा पाकिस्तान

शनिवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच खेला जाना है। श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है। पाकिस्तान अगर श्रीलंका पर बड़ी जीत हासिल करने में सफल रहती है, तो उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल सकता है, लेकिन श्रीलंका को हराना इतना आसान नहीं है। पाकिस्तान के लिए टी20 विश्व कप में श्रीलंका को हराना कभी आसान नहीं रहा है।

दोनों टीमों के बीच टी20 विश्व कप इतिहास में 4 बार आमना-सामना हुआ है और दोनों ही टीमें 2-2 बार विजयी रही हैं। हर बार कांटे की टक्कर देखने को मिली है। विश्व कप में आखिरी बार श्रीलंका और पाकिस्तान 2012 में आमने-सामने थे और इस मुकाबले में श्रीलंका ने 16 से जीत हासिल की थी।

पाकिस्तान को चाहिए बड़ी जीत

अगर पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह बनानी है, तो उसे श्रीलंका पर बड़ी जीत हासिल करनी होगी, जो विश्व कप के आंकड़े को देखते हुए आसान नहीं दिखता है। पाकिस्तान के पक्ष में ओवरऑल हेड-टू-हेड आंकड़े जरूर हैं। कुल 29 मैचों में पाकिस्तान ने 17 जीत हासिल की है, जबकि श्रीलंका ने 12 मैचों में जीत हासिल की है।

वहीं, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच में पाकिस्तान की जीत के लिए जरूरी समीकरण पर नजर डालें तो सलमान अली आघा की टीम को सिर्फ जीत दर्ज नहीं करनी, बल्कि अपने रन रेट को न्यूजीलैंड से अच्छा करना होगा, तभी वह सेमीफाइनल में जा सकती है। न्यूजीलैंड के 3 अंक हैं और रन रेट +1.390 है। पाकिस्तान के 2 मैचों से 1 अंक है और रन रेट -0.461 है।

श्रीलंका पर जीत के साथ पाकिस्तान को 2 पॉइंट्स मिलेंगे और फिर उसके न्यूजीलैंड के बराबर 3 अंक हो जाएंगे, लेकिन न्यूजीलैंड के रन से रेट से बेहतर होने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ या तो 64 रन से जीत दर्ज करनी होगी या किसी भी लक्ष्य को 13.1 ओवर में हासिल करना होगा। यही दो समीकरण हैं, जिससे पाकिस्तान सेमीफाइनल में जा सकती है।

कहाँ होगा सेमीफाइनल मैच?

आपको बता दें कि टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल मैच को लेकर अभी काफी कन्फ्यूजन भी है क्योंकि दूसरा मैच कहाँ खेला जाएगा यह तो तय है लेकिन पहला सेमीफाइनल कहाँ होगा यह तय नहीं है। पहले सेमीफाइनल के लिए कोलकाता के ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) का चयन हुआ है, जो 4 मार्च को होना है लेकिन पेच यह है कि अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुँच जाती है, तो यह मैच कोलकाता के बजाय श्रीलंका शिफ्ट किया जाए।

वहीं, दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को होगा, जो फिक्स है कि ये मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में ही खेला जाएगा। यहाँ सुपर-8 के 'ग्रुप 1' की विनर टीम का सामना 'ग्रुप 2' की दूसरे नंबर वाली टीम से होगा।