लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने ग्लासगो में आयोजित हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने पर सैखोम मीराबाई चानू को बधाई दी है।
राहुल गांधी ने फेसबुक पर चानू की विजयी तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, "कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में लगातार तीसरा ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर सैखोम मीराबाई चानू को बहुत-बहुत बधाई। अपनी हिम्मत, अनुशासन और लगातार कड़ी मेहनत से आपने एक बार फिर दुनिया के मंच पर तिरंगा फहराया है। हर भारतीय को आपकी इस शानदार कामयाबी पर बहुत गर्व है। आपकी सफलता पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है।"
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मीराबाई चानू और वेटलिफ्टिंग में ही रजत पदक जीतने वाले ऋषिकांत सिंह चनंबम को बधाई दी है।
खड़गे ने एक्स पर लिखा, "मीराबाई चानू को उनके ऐतिहासिक लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर और ऋषिकांत सिंह चनंबम को भारत के लिए पहला रजत पदक जीतने और नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाने पर बहुत-बहुत बधाई। आपकी शानदार उपलब्धियों ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है और लाखों युवा भारतीयों को प्रेरित किया है। आप दोनों को भारत के लिए और भी बहुत-बहुत बधाई।"
मीराबाई चानू और ऋषिकांत सिंह चनंबम ने रविवार को ग्लासगो में वेटलिफ्टिंग में पदक जीता था। ऋषिकांत सिंह चनंबम ने रविवार को पुरुषों के 60 किग्रा इवेंट में रजत पदक जीता था। वहीं, मीराबाई चानू ने महिलाओं की 48 किग्रा कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता था। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक था। वहीं, मीराबाई ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाई है। ग्लासगो से पहले मीराबाई ने 2018 में गोल्ड कोस्ट और 2022 में बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था। चानू ने 2014 में ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता था।
मीराबाई चानू मौजूदा समय में देश की सफलतम एथलीटों में से एक हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था। (VR)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)