डेब्यू मैच में ही अबूझ पहेली बने मानव सुथार, पहली पारी में 152 रनों पर सिमटी अफगानिस्तान टीम ians
खेल

डेब्यू मैच में ही अबूझ पहेली बने मानव सुथार, पहली पारी में 152 रनों पर सिमटी अफगानिस्तान टीम

Manav Suthar 6 wickets haul: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।

IANS

Manav Suthar 6 wickets haul: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत द्वारा बनाए गए 564 रनों के जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम पहली पारी में 152 रन बनाकर सिमट गई। मानव सुथार विपक्षी टीम के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए।

टेस्ट के तीसरे दिन अफगानिस्तान ने 113 पर 5 विकेट के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और टीम ने अपने अगले 5 विकेट 39 रन जोड़कर गंवा दिए। अफगानिस्तान की तरफ से सिर्फ रहमत शाह ही भारतीय गेंदबाजों का टिककर सामना कर सके और उन्होंने 60 रनों की पारी खेली। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।

तीसरे दिन की शुरुआत अफगानिस्तान के लिए अच्छी नहीं रही और अजमतुल्लाह उमरजई बिना खाता खोले प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। इसके बाद शराफुद्दीन अशरफ भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह महज 11 रन बनाकर चलते बने। रहमत शाह अपनी पारी में 9 चौके और एक छक्के समेत 60 रन बनाने के बाद मानव सुथार की बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। मोहम्मद सलीम खाता नहीं खोल सके, तो जियाउर रहमान 6 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, खरोटी 4 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, टेस्ट के दूसरे दिन अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अब्दुल मलिक सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हुए, तो सेदिकुल्लाह अटल 17 रन बनाने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। गुरबाज को 12 रनों के स्कोर पर मानव सुथार ने पवेलियन भेजा, तो कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी 48 गेंदों का सामना करने के बाद 20 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज अफसर जजई 3 रन ही बना सके।

भारत की ओर से डेब्यू कर रहे स्पिन गेंदबाज मानव सुथार अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए। सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 33 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट चटकाए, जबकि एक विकेट वॉशिंगटन सुंदर ने लिया। पहली पारी के आधार पर 412 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की है। (MK)

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)