क्या केकेआर की कोचिंग न्यूजीलैंड के इस पूर्व कप्तान को मिल सकती है? IANS
खेल

क्या KKR की कोचिंग न्यूजीलैंड के इस पूर्व कप्तान को मिल सकती है?

आईपीएल 2026 (IPL 2026) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) बेहद निराशाजनक प्रदर्शन कर रही है। केकेआर सीजन के शुरुआती 6 मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है।

IANS

आईपीएल 2026 (IPL 2026) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) बेहद निराशाजनक प्रदर्शन कर रही है। केकेआर सीजन के शुरुआती 6 मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। शुक्रवार को अहमदाबाद में खेले गए मैच में केकेआर को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

KKR की लगातार हार के बाद कोच अभिषेक नायर और कप्तान अंजिक्य रहाणे निशाने पर हैं। सोशल मीडिया पर दोनों के खिलाफ अपना पद छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।

इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। उनका कहना है कि अगले आईपीएल सीजन में ब्रेंडन मैकुलम KKR के नए कोच हो सकते हैं। पीटरसन ने सोशल मीडिया के माध्यम से ये बात कही। हालांकि, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान मैकुलम फिलहाल इंग्लैंड की पुरुष टीम के कोच हैं और उनका कार्यकाल 2027 तक है।

पीटरसन ने KKR के मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए यह भविष्यवाणी की है, लेकिन बतौर इंग्लैंड हेड कोच मैकुलम का प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा है। अगर इंग्लैंड के प्रदर्शन में सुधार नहीं आया, तो उन्हें उनके पद से हटाया भी जा सकता है। इसके बाद उनका अगला ठिकाना केकेआर हो सकती है।

मैकुलम के लिए KKR नया नहीं है। उन्होंने आईपीएल में बतौर खिलाड़ी और कोच के रूप में करियर की शुरुआत इसी टीम के साथ की थी। मैकुलम केकेआर के कोच रहते हुए ही इंग्लैंड के हेड कोच नियुक्त किए गए थे।

2008 में लीग की शुरुआत हुई थी। पहला मुकाबला KKR और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला गया था। इस मुकाबले में केकेआर की तरफ से खेलते हुए मैकुलम ने 73 गेंदों पर 158 रनों की पारी खेली थी। वह 2008 से 2010 और 2012 से 2013 तक टीम का हिस्सा रहे।

मैकुलम 2020 से 2022 तक केकेआर के कोच रह चुके हैं। उनकी कोचिंग में KKR ने 2021 का फाइनल खेला था। (MK)

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)