जैक हॉब्स ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 199 शतक जड़कर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया।
उन्होंने 29 साल के घरेलू करियर में 61,760 रन बनाए।
हॉब्स ने 52 साल की उम्र में क्रिकेट से संन्यास लिया।
क्रिकेट के खेल में शतक एक ऐसी चीज है, जिसे हर खिलाड़ी पूरा करना चाहता है। सोच कर देखिये कि कोई क्रिकेटर अपना पहला मैच इंटरनेशनल क्रिकेट में खेल रहा है और उसमे उसने शतक जड़ दिया, तो ये उसके लिए किसी सपना पूरा होने जैसा होगा। ड्वेन कॉनवे (Devon Conway), शिखर धवन (Shikhar Dhawan) और माइकल ब्रेसवेल (Michael Bracewell) उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़कर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
हालांकि, इस खेल में एक खिलाड़ी ऐसा भी आया जिसने खूब धूम मचाया। आलम, तो यह रहा कि उसने करियर में 199 शतक जड़ डाले लेकिन वो 200 वां शतक जड़ पाता, उससे पहले ही उसे संन्यास लेना पड़ा और संन्यास भी उसने 52 वर्ष की उम्र में लिया था। आइये जानते हैं, कौन है वो खिलाड़ी?
इंटरनेशनल क्रिकेट में तो एक से एक रिकॉर्ड बने हैं। रिकॉर्ड्स बनाने वाले खिलाड़ियों की बात करें इसमें सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे ऊपर आएगा क्योंकि उन्होंने ही इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक और रन बनाए हैं। मास्टर ब्लास्ट के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक के साथ कुल 34,357 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हैं।
हालांकि, आज हम जिस खिलाड़ी की बात कर रहे हैं, उसने इंटरनेशनल नहीं बल्कि घरेलू क्रिकेट में नया कीर्तिमान रचा। फर्स्ट क्लास (First Class) क्रिकेट करियर में इस खिलाड़ी ने 199 शतक जड़े हैं। इस खिलाड़ी का नाम जैक हॉब्स (Jack Hobbs) है, जो इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर थे।
इंग्लैंड के क्रिकेटर जैक हॉब्स (Jack Hobbs) का जन्म 16 दिसंबर 1882 को हुआ था। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में डेब्यू साल 1905 में किया था। घरेलू क्रिकेट के रेड बॉल फॉर्मेट में उन्होंने करीब 29 साल तक राज किया और 834 मुकाबले खेले। इस दौरान 1325 पारियों में उन्होंने 199 शतक जड़े और कुल 61760 रन भी बनाए। इस फॉमट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 316 रन का रहा।
अपने करियर के 5 आखिरी घरेलू क्रिकेट में उन्होंने एक शतक भी जड़ा था। उनका ये शतक कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के खिलाफ आया था। उन्होंने 118 रन की पारी खेली थी। वहीं, करियर के आखिरी 5 मैचों की बात करें तो उन्होंने कुल 287 रन जड़े थे। वहीं, फ़रवरी 1935 में उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया। संन्यास के वक्त उनकी उम्र 52 साल थी।
यह भी पढ़ें: इनकम टैक्स एक्ट 2026: आपके सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रखेगी मोदी सरकार, जानें क्या है इसकी सच्चाई?
आपको बता दें कि इंग्लैंड के क्रिकेटर जैक हॉब्स (Jack Hobbs) ने सिर्फ घरेलू क्रिकेट ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी धूम मचाया था। 1 जनवरी 1908 को उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल टेस्ट में डेब्यू किया था। डेब्यू मैच की पहली पारी में उनके बल्ले से 83 रन जबकि दूसरी पारी में 28 रन निकले थे।
वहीं, अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच भी उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही खेला। 16 अगस्त 1930 से लेकर 22 अगस्त तक चले इस मैच की पहली पारी में जैक हॉब्स (Jack Hobbs) ने 47 जबकि दूसरी पारी में 9 रन बनाए थे। हालांकि, आज यह खिलाड़ी हमारे बीच नहीं है। 21 दिसंबर 1963 को होव (Hove) में 81 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।