रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के खिताब को अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराते हुए लगातार दूसरी बार आईपीएल की ट्रॉफी को अपने नाम किया। आइए आपको उन पांच विदेशी खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जिन्होंने इस सीजन में अपने प्रदर्शन से खासा प्रभावित किया।
हेनरिक क्लासेन: सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए हेनरिक क्लासेन का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में लाजवाब रहा। क्लासेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 15 मुकाबलों में 160 के स्ट्राइक रेट से 624 रन बनाए। वह सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों में शुमार रहे। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में कुल 6 अर्धशतक लगाए और कई मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला।
जोफ्रा आर्चर: राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में जोफ्रा आर्चर ने आईपीएल 2026 में अपनी गेंदबाजी से हर किसी को प्रभावित किया। आर्चर ने 16 मुकाबलों में 22.36 की औसत से 25 विकेट निकाले। वह इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज रहे। आर्चर ने राजस्थान रॉयल्स को दूसरे क्वालीफायर तक पहुंचने में गेंद से अहम भूमिका निभाई।
कगिसो रबाडा: गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा का प्रदर्शन लाजवाब रहा। रबाडा इस सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे और उन्होंने 17 मुकाबलों में 29 विकेट चटकाए। रबाडा की धारदार गेंदबाजी के बूते गुजरात टाइटंस आईपीएल 2026 में फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही।
कूपर कोनोली:आईपीएल के अपने पहले ही सीजन में कूपर कोनोली ने पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हुए खासा प्रभावित किया। भले ही पंजाब किंग्स प्लेऑफ में पहुंचने से नाकाम रही, लेकिन कोनोली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से 491 रन बनाए। उन्होंने इस सीजन एक शतक और 2 अर्धशतक लगाए।
मिचेल मार्श: लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए मिचेल मार्श ने बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया। मार्श आईपीएल 2026 में एलएसजी की तरफ से अकेले ही लड़ाई लड़ते हुए नजर आए। बाकी बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के बावजूद मार्श ने 13 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से 563 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 3 अर्धशतक लगाए। (MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)