इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को 2 मुकाबले खेले जाने हैं। पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच तो दूसरा मुकाबला गुजरात टाइटंस (जीटी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच खेला जाएगा।
सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, हैदराबाद में दोपहर 3:30 से खेला जाएगा। एसआरएच का सीजन में शानदार प्रदर्शन रहा है, और अपने घरेलू मैदान में केकेआर के खिलाफ जीत दर्ज कर टीम प्लेऑफ की अपनी संभावना को और मजबूत करने के लक्ष्य के साथ उतरेगी। एसआरएच 9 मैचों में 6 जीत के साथ 12 अंक लेकर अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है।
केकेआर ने अपने पिछले 2 मैच जीते हैं, लेकिन सीजन में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। केकेआर 8 मैचों में सिर्फ 2 मैचों में जीत हासिल कर सकी है। प्लेऑफ में जान के लिए केकेआर को सभी बाकी 6 मैच जीतने होंगे। इसके लिए टीम को पिछले 2 मैचों के जीत के सिलसिले को बरकरार रखना होगा।
दोनों टीमों के बीच 31 मैच खेले गए हैं। केकेआर 20 मैचों में विजयी रही है, जबकि एसआरएच 11 मैच जीतने में सफल रही है।
हैदराबाद में बारिश की कोई संभावना नहीं है। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी रही है। आईपीएल 2026 में यहां खेले गए चार मैचों में, पहली पारी का औसत स्कोर 202 रहा है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने तीन मैच जीते हैं। इस तरह टॉस जीतकर बल्लेबाजी करना बेहतर फैसला हो सकता है।
इस सीजन के पहले मुकाबले में केकेआर को एसआरएच के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। एसआरएच 65 रन से मैच जीती थी।
रविवार का दूसरा मुकाबला शाम 7:30 से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा।
पिछले 2 मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराने वाली जीटी 9 मैचों में 5 जीत के साथ 10 अंक लेकर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। पंजाब के खिलाफ जीटी जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी।
पंजाब किंग्स का सीजन में शानदार प्रदर्शन रहा है। टीम 8 मैचों से 13 अंक लेकर अंकतालिका में शीर्ष पर है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब ने सीजन में मात्र एक मैच गंवाया है। पंजाब को अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। जीटी के खिलाफ टीम जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मैच हुए हैं। 4 मैच पंजाब और 3 मैच जीटी ने जीते हैं। पंजाब ने सीजन के पहले मैच में जीटी को 3 विकेट से हराया था।
मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा। यह पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग रही है। हालांकि, यह पूरी तरह से एकतरफा नहीं है। पिछले दो सालों के डेटा से पता चलता है कि इस ट्रैक पर अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाज प्रभावी साबित हो सकते हैं। दिन गर्म रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। (MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)