हरिद्वार का ब्रह्मकुंड घाट (Brahmakund Ghat of Haridwar) Pixabay
धर्म

आखिर क्यों ब्रह्मकुंड के जल को कहा जाता है 'अमृत'? वैज्ञानिक कारण या सिर्फ चमत्कार?

हरिद्वार का ब्रह्मकुंड घाट सिर्फ एक धार्मिक स्थान नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। कहा जाता है कि यह वही स्थान है जहां देवताओं का अमृत गिरा था, इसलिए इसकी पवित्रता और भी बढ़ जाती है।

Author : Sarita Prasad

हरिद्वार का ब्रह्मकुंड घाट (Brahmakund Ghat of Haridwar) सिर्फ एक धार्मिक स्थान नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। कहा जाता है कि यह वही स्थान है जहां देवताओं का अमृत गिरा था, इसलिए इसकी पवित्रता और भी बढ़ जाती है। सुबह-शाम की गंगा आरती, मंदिरों की घंटियां और “हर हर गंगे” के जयकारे यहां के माहौल को बेहद आध्यात्मिक बना देते हैं।

मान्यता यह भी है कि राजा श्वेत की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान ब्रह्मा स्वयं यहां प्रकट हुए और इस स्थान को दिव्यता का आशीर्वाद दिया। इसी कारण यह घाट हर की पौड़ी के नाम से भी प्रसिद्ध हुआ, जहां भगवान के चरणों की उपस्थिति मानी जाती है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां स्नान करने आते हैं, खासकर कांवड़ यात्रा, मौनी अमावस्या, कार्तिक पूर्णिमा और कुंभ मेले जैसे पावन अवसरों पर, जब यह माना जाता है कि गंगा का जल अमृत के समान हो जाता है।

लेकिन इन मान्यताओं और भीड़-भक्ति के पीछे एक सवाल हमेशा खड़ा रहता है क्या सच में इस एक डुबकी से मोक्ष मिल सकता है, या इसके पीछे कोई गहरी आध्यात्मिक सच्चाई छिपी है? आइए, एक अनसुनी कथा के जरिए ब्रह्मकुंड के इस आध्यात्मिक रहस्य को समझते हैं।

ब्रह्मकुंड घाट का इतिहास

हरिद्वार का ब्रह्मकुंड घाट (Brahmakund Ghat of Haridwar) सिर्फ एक साधारण घाट नहीं, बल्कि सदियों पुरानी आस्था और रहस्यों का जीवंत साक्षी है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब समुद्र मंथन (Samudra Manthan) हुआ और अमृत कलश को लेकर देवताओं और असुरों में संघर्ष छिड़ गया, तब भगवान विष्णु ने अमृत को सुरक्षित रखने के लिए उसे ले जाते समय पृथ्वी पर चार स्थानों हरिद्वार(Haridwar), प्रयागराज, उज्जैन और नासिक पर इसकी बूंदें गिराईं। माना जाता है कि ब्रह्मकुंड (Brahmakund) वही पावन स्थान है, जहां अमृत की एक बूंद गिरी थी, जिसने इस जगह को हमेशा के लिए दिव्यता से भर दिया। यही कारण है कि आज भी यहां कुंभ मेले का आयोजन होता है और लाखों लोग इस पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगाते हैं।

हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध हरकी पौड़ी (Harki Pauri)

हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध हरकी पौड़ी (Harki Pauri) और उसके अंतर्गत आने वाले ब्रह्मा कुंड (Brahma Kund) का भव्य निर्माण मुख्य रूप से पहली शताब्दी में उज्जैन के राजा विक्रमादित्य (Vikramaditya, King of Ujjain) ने करवाया था। आज यह घाट न केवल भारत के कोने-कोने से, बल्कि दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक ऐसा स्थान है, जहां आस्था, इतिहास और आध्यात्मिकता एक साथ मिलकर एक अनोखा अनुभव रचते हैं।

हर की पौड़ी और ब्रह्मकुंड: नाम के पीछे छिपी आस्था और कथा

पौराणिक कथाओं के अनुसार, हर की पौड़ी के समीप राजा श्वेत ने भगवान ब्रह्मा को प्रसन्न करने के लिए कठोर तपस्या की थी। उनकी भक्ति इतनी सच्ची थी कि स्वयं ब्रह्मा जी प्रकट हुए और वरदान मांगने को कहा। राजा श्वेत ने कोई धन-दौलत नहीं, बल्कि इस स्थान को दिव्यता देने की इच्छा जताई। उनकी इस भावना से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी यहीं विराजमान हो गए, और तभी से यह स्थान “ब्रह्मकुंड” (Brahma Kund) कहलाया।

“हर की पौड़ी” ("Har Ki Pauri")

कहा जाता है कि “हर की पौड़ी” ("Har Ki Pauri") का अर्थ है भगवान के चरणों का स्थान, जहां स्वयं दिव्यता का वास है। यही वजह है कि यहां गंगा किनारे एक-एक पत्थर भी श्रद्धा से जुड़ा हुआ महसूस होता है। आज भी लोग अपने पूर्वजों की अस्थियां यहां विसर्जित करते हैं, इस विश्वास के साथ कि गंगा की धारा उनकी आत्मा को मुक्ति का मार्ग दिखाएगी।

ब्रह्मकुंड में स्नान से मोक्ष की मान्यता

ब्रह्मकुंड (Brahma Kund) में स्नान को मोक्ष से जोड़ने की जड़ें गहरी पौराणिक कथाओं में मिलती हैं। कहा जाता है कि जब देवताओं और असुरों ने मिलकर समुद्र मंथन किया, तब उससे 14 दिव्य रत्न निकले, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण था अमृत कलश। इस अमृत को पाने के लिए संघर्ष इतना बढ़ गया कि उसे सुरक्षित रखने के लिए देवताओं को उसे लेकर भागना पड़ा। उसी दौरान अमृत की कुछ बूंदें पृथ्वी पर जिन स्थानों पर गिरीं, उनमें हरिद्वार का ब्रह्मकुंड भी शामिल माना जाता है। इसी कारण यह स्थान विशेष रूप से पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि कुंभ, मौनी अमावस्या, कार्तिक पूर्णिमा और गंगा दशहरा जैसे शुभ अवसरों पर यहां का जल साधारण नहीं रहता, बल्कि अमृत के समान पवित्र हो जाता है। ऐसे समय में यहां स्नान करना केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि आत्मा की शुद्धि और मोक्ष की ओर एक कदम माना जाता है !

ब्रह्मकुंड (Brahma Kund) में स्नान को मोक्ष से जोड़ने की जड़ें गहरी पौराणिक कथाओं में मिलती हैं।

हरिद्वार की इस पवित्र जगह तक कैसे पहुंचे और क्या है खास

ब्रह्मकुंड घाट (Brahma Kund), उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित एक पवित्र स्थल है, देश के लगभग हर बड़े शहर से हरिद्वार रेलवे स्टेशन (Haridwar Railway Station) जुड़ा हुआ है, जिससे यात्रा सुविधाजनक बन जाती है। अगर आप हवाई मार्ग से आना चाहते हैं, तो देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट यहां का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट है, जो करीब 35 किलोमीटर दूर है। सड़क मार्ग से भी बस या कार से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां आने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च तक का माना जाता है, जब मौसम ठंडा और सुहावना होता है। हालांकि, कुंभ मेला, गंगा दशहरा या मौनी अमावस्या जैसे खास अवसरों पर यहां का नजारा बिल्कुल अलग ही होता है। भीड़ भले ज्यादा हो, लेकिन आस्था का रंग भी उतना ही गहरा होता है।

शाम की गंगा आरती (Ganga Aarti Of Haridwar) यहां की सबसे बड़ी खासियत है, जहां दीपों की रोशनी और मंत्रों की गूंज मिलकर एक ऐसा दृश्य रचती है, जो जीवनभर याद रहता है। [Sp/MK]