ममता बनर्जी और टीएमसी ने बंगाल में पाप किया: नित्यानंद राय 
राष्ट्रीय

ममता बनर्जी और टीएमसी ने बंगाल में पाप किया: नित्यानंद राय

IANS

पटना, 2 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के एसआईआर विरोध पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में सीएम ने पाप किया। घुसपैठियों के बल पर उनकी राजनीति रही है। अगर घुसपैठिए वोटर लिस्ट से निकाले जा रहे हैं तो ममता बनर्जी को दर्द क्यों हो रहा है?

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने एसआईआर मामले पर टीएमसी प्रमुख व प्रदेश की सीएम ममता बनर्जी के आरोप पर कहा कि टीएमसी और ममता द्वारा बंगाल में पाप हुआ है। घुसपैठियों के बल पर राजनीति को साधती रही हैं; इसका असर युवाओं पर पड़ा है। युवाओं को नौकरियां नहीं मिलीं, घुसपैठियों ने यहां के लोगों के अधिकार पर डाका डाला है और सारी सुविधाओं पर घुसपैठियों ने कब्जा कर रखा है।

नित्यानंद राय ने कहा कि ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति के लिए घुसपैठियों को बंगाल में रखना चाहती हैं। एसआईआर, ममता बनर्जी को क्यों दर्द हो रहा है? जो वैध मतदाता नहीं हैं, तो उनके नाम काटे जा रहे हैं, तो क्या दिक्कत है? वोटर लिस्ट को दुरुस्त होना चाहिए। एसआईआर, यह बंगाल और देश के हित में हो रहा है।

राजद के राज्यसभा चुनाव लड़ने पर नित्यानंद राय ने कहा कि अगर उन्होंने मन बना लिया है तो कौन उन्हें रोक सकता है। लेकिन, यह तय है कि राजद राज्यसभा की एक भी सीट नहीं जीतेगी; जनता ने पहले ही उनका सूपड़ा साफ कर दिया है। 2025 के विधानसभा चुनाव में जनता ने करारा जवाब दिया। राजद के राज में जंगलराज, अपराध और भ्रष्टाचार था, जिसे जनता भूला नहीं पाई है। बिहार अब एनडीए की सरकार में तेजी से विकास कर रहा है। राजद भले ही राज्यसभा जाने की तैयारी कर रही है, लेकिन कोई फायदा नहीं होगा।

ईरान-इजरायल तनाव के बीच वहां फंसे भारतीयों को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार अपने नागरिकों की चिंता करती है और कर रही है।

होली की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म तथा असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक ‘होलिका दहन’ की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन अवसर आप सभी के जीवन से समस्त नकारात्मकता का नाश करे तथा प्रेम, सौहार्द और सद्भाव का प्रकाश फैलाए।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी