नोएडा: एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 12 कार्ड व अवैध हथियार बरामद 
राष्ट्रीय

नोएडा: एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 12 कार्ड व अवैध हथियार बरामद

IANS

नोएडा, 2 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर आमजन से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के कुल 12 एटीएम कार्ड, एक अवैध चाकू तथा वैगनार कार बरामद की है। गिरफ्तारी 2 मार्च 2026 को इलाहाबास चौराहे के पास से की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमीरुद्दीन पुत्र इमामुद्दीन, निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले ऐसे एटीएम बूथों की रेकी करता था जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होते थे। खासतौर पर वह उन एटीएम मशीनों को निशाना बनाता था, जहां आसपास की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी आने के बाद भीड़ रहती थी।

आरोपी एटीएम मशीन खराब होने का बहाना बनाकर लोगों से मदद के नाम पर उनका कार्ड ले लेता था और चालाकी से उनका असली एटीएम कार्ड बदलकर नकली कार्ड थमा देता था। इस दौरान वह किसी न किसी बहाने से पीड़ित का पिन कोड भी जान लेता था। इसके बाद आरोपी दूसरे एटीएम बूथ पर जाकर बदले गए असली कार्ड और पिन का इस्तेमाल कर खाते में जमा पूरी रकम निकाल लेता था।

पुलिस ने बताया कि पकड़े जाने या शक होने की स्थिति में लोगों को डराने-धमकाने के लिए आरोपी अपने पास अवैध चाकू रखता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमीरुद्दीन के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में थाना सलेमपुर, बुलंदशहर में उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2023 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वर्ष 2026 में थाना फेस-2 गौतमबुद्धनगर में भी बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस आरोपी के साथी की तलाश में जुटी है और बरामद एटीएम कार्ड के आधार पर अन्य पीड़ितों की पहचान की जा रही है। थाना फेस-2 पुलिस ने आमजन से अपील की है कि एटीएम बूथ पर किसी अजनबी की मदद न लें और अपना पिन कोड किसी के साथ साझा न करें।

--आईएएनएस

पीकेटी/एमएस