गर्मी के मौसम में खट्टे-रसीले नींबू के सेवन से सेहत को कई लाभ मिलते हैं। इस मौसम में नींबू अमृत से कम नहीं होता। भीषण गर्मी में शरीर को ठंडक, ऊर्जा और सेहत देने वाला यह फल हर घर में आसानी से उपलब्ध है।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के अनुसार, रोजाना नींबू का सेवन गर्मियों में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव कर सकता है। नींबू विटामिन सी, पोटैशियम, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर से भरपूर होता है। गर्मी में पसीना ज्यादा आने के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है और थकान महसूस होती है। ऐसे में नींबू पानी न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखता है बल्कि दिनभर स्फूर्ति और ताजगी भी बनाए रखता है।
नींबू के सेवन से और भी कई लाभ मिलते हैं। यह इम्युनिटी बढ़ाता है। नींबू में भरपूर मात्रा में विटामिन सी होता है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है। गर्मियों में होने वाले वायरल इंफेक्शन, सर्दी-खांसी और बुखार से बचाव में यह बेहद उपयोगी है। गर्मी में भूख कम लगना और पाचन संबंधी परेशानी आम है। नींबू पेट के एसिड को बैलेंस करता है, कब्ज दूर करता है और भोजन को अच्छे से पचाने में मदद करता है। सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीने से पाचन क्रिया दुरुस्त रहती है।
इसके साथ ही नींबू पानी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करता है। इससे थकान कम होती है और पूरे दिन एनर्जी बनी रहती है। नींबू में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाते हैं। यह मुंहासों, दाग-धब्बों को कम करने और गर्मी में होने वाली त्वचा संबंधी समस्याओं में राहत देता है। नींबू वजन कम करने में सहायक है, जो लोग वजन घटाना चाहते हैं, उनके लिए नींबू बेहद फायदेमंद है। यह मेटाबॉलिज्म बढ़ाता है और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है।
सुबह उठकर गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़कर पीना सबसे अच्छा तरीका है। दिन में 2-3 बार सादा नींबू पानी या नमक के साथ ले सकते हैं। गर्मियों में शक्कर की जगह शहद मिलाकर भी पी सकते हैं। [SP]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)