आज 9 अप्रैल 2026 की तारीख है, जो भारतीय राजनीति के लिए काफी अहम है। दक्षिण से लेकर पूर्वोत्तर तक के नेताओं के हाथ पांव फूले होंगे क्योंकि आज असम (Assam Election 2026), केरल (Kerala Election 2026) और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी (Puducherry Election 2026) में चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। आज जनता जनार्दन अपनी उंगली पर लोकतंत्र की स्याही लगाकर एक नया इतिहास लिखने को तैयार है।
आज की वोटिंग सिर्फ सत्ता के गलियारों का रास्ता तय नहीं करेगी, बल्कि कई दिग्गजों की साख की परीक्षा भी लेगी। केरल की 140, असम की 126 और पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान चल रहा है और सुबह 7 बजे से ही पोलिंग बूथों पर कतारें लग चुकी हैं। कहीं बुजुर्ग अपने अनुभव का इस्तेमाल करने की चाहत में हैं, तो कहीं पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के चेहरे पर मुस्कान है। आज का यह दिन तय करेगा कि इन राज्यों में किसकी सरकार बनेगी। इसकी घोषणा 4 मई को हो भी जाएगी।
वहीं, चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए कई पोलिंग स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था भी की गई है। आप इस LIVE ब्लॉग में हमारे साथ शाम 6 बजे तक बने रह सकते हैं जहाँ आपको चुनाव (Assembly Election 2026 Updates) से जुड़ी ताजा अपडेट मिलती रहेगी। सटीक जानकारी के लिए आप पेज को रिफ्रेश करते रहें और हमारे साथ बने रहें।
असम में मतदान शुरू हो चुका है। यहाँ दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ 115 और 116 पर मतदान करने के लिए लोग आने लगे हैं। साथ ही पूरे राज्य में भी वोटिंग शुरू हो चुकी है।
केरल में भी वोटिंग शुरू हो चुकी है। अभिनेता मोहनलाल मतदान करने के लिए तिरुवनंतपुरम के मुदवनमुगल स्थित पोलिंग बूथ पहुंचे और मतदान किया।
केरल, असम और पुडुचेरी में चल रहे चुनाव के बीच पीएम मोदी का सन्देश आया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये लोगों से अपील की है कि वो 2026 के विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में वोट डालें। केरल के लिए उन्होंने कहा कि मतदान से लोकतांत्रिक भावना को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से भी अपील की कि वो अपने मताधिकार का उपयोग करें।
केरल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चल रहा है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष और परावुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार वी.डी. सतीशन ने मतदान किया।
डिब्रूगढ़ से BJP उम्मीदवार प्रशांत फुकन मतदान करने पहुंचे और इस दौरान उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी भावना यह है कि 20 सालों में मैंने जीत हासिल की है, लेकिन मैंने कभी वोट नहीं डाला। लेकिन इस बार, कुछ देर बाद, यानि 10 मिनट के बाद मैं खुद को वोट करूंगा। ये मेरी सबसे बड़ी भावना है।
पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस दौरान VOC सरकारी स्कूल में वोट डालने आए मतदाताओं का 'नीला' नाम के एक रोबोट ने स्वागत किया। रोबोट के हाथों में एक थाली है, जिसपर फूल लगे हुए हैं और उस रोबोट ने हरी रंग रंग की साड़ी पहनी हुई है।
केंद्रीय मंत्री और कांजीरापल्ली से NDA उम्मीदवार जॉर्ज कुरियन ने कहा कि केरल में NDA के लिए एक शानदार जनादेश की उम्मीद है, और हम लोगों से NDA के पक्ष में मतदान करने का आग्रह कर रहे हैं।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कन्नूर स्थित पिनाराई आरसी अमला बेसिक अपर प्राइमरी स्कूल में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान किया।
असम में मतदान चल रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने घर पर पूजा-अर्चना की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि भगवान के आशीर्वाद और जनता के भरोसे को साथ लेकर, असम के एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने के संकल्प के साथ।
केरल BJP के अध्यक्ष और नेमोम से उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर वोट डालने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये बहुत अहम चुनाव है। ख़ुशी है कि एक वोटर और एक उम्मीदवार के तौर पर मैं इसका हिस्सा हूँ। सबसे अपील करता हूँ कि आप अपना वोट डालें। अपने वोट को बदलाव का ज़रिया बनाएँ। BJP की वजह से ही कांग्रेस और CPM को विकास की बात करने पर मजबूर होना पड़ा है। इस चुनाव में BJP-NDA का मज़बूत प्रदर्शन राजनीतिक माहौल को बदल देगा और नेताओं को और ज़्यादा जवाबदेह बनाएगा।
पुडुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता वी. नारायणसामी ने VOC सरकारी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
केरलम में विधानसभा चुनाव चल रहा है। इसी बीच कांग्रेस नेता और राज्य के नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि UDF 100 से ज़्यादा सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेगा। मैं शुरू से ही यह बात कहता आ रहा हूँ, क्योंकि मैंने तीन महीनों में पूरे राज्य का चार बार दौरा किया है। मुझे रुझानों की जानकारी है।
केरलम विधानसभा चुनाव 2026 में अब तक 4.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
केरलम चुनाव 2026 के बीच मतदान करने पहुंचे मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि झूठा प्रचार LDF को नहीं हरा सकता। हमें हमेशा लोगों पर भरोसा रहा है, और लोगों को हम पर भरोसा है। पिछले दस सालों से हम लोगों के साथ चले हैं, और यह सफ़र जारी रहना चाहिए। हम लोगों के साथ हैं, और लोग हमारे साथ हैं। सांप्रदायिक प्रचार हमें नहीं हरा सकता।
केरलम, असम और पुडुचेरी में विधानसभा के चुनाव चल रहे हैं। इस दौरान 9 बजे तक का अनुमानित मतदान प्रतिशत सामने आया है। अब तक असम में 17.87%, केरलम में 16.23% जबकि पुडुचेरी में 17.41% मतदान हुआ है।
भबानीपुर-सरभोग निर्वाचन क्षेत्र से BJP उम्मीदवार रंजीत कुमार ने कहा कि जनता आ रही है और वोट डाल रही है और मेरे भबानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में, मेरे पोलिंग एजेंट हमें बता रहे हैं कि 90% वोट BJP के पक्ष में हैं।
केरलम में विधानसभा चुनाव 2026 के बीच असम चुनाव पर कांग्रेस महासचिव (संगठन) और सांसद के.सी. वेणुगोपाल का सीएम हिमंत पर तीखा हमला। उन्होंने कहा कि असम में एक अहंकारी मुख्यमंत्री हैं, जो देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। आप उनका अहंकार देखिए, जिस तरह से उन्होंने पवन खेड़ा को गिरफ़्तार करने के लिए पुलिस भेजी। यह देश के सबसे तानाशाही मुख्यमंत्री हैं, ठीक पिनाराई विजयन की तरह। असम की जनता आज उन्हें सबक सिखाएगी।
असम के मुख्यमंत्री और जालुकबारी से उम्मीदवार हिमंत बिस्वा सरमा गुवाहाटी के मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा भी हैं।
असम कांग्रेस अध्यक्ष और जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार गौरव गोगोई का बयान। उन्होंने कहा कि हम एक नया असम बना पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज असम के लिए अहम दिन है। लोकसभा चुनाव के दौरान मेरी माताजी मेरे साथ नहीं थीं लेकिन आज हैं। लोगों के चेहरे पर मुस्कान भी दिख रहा है। 4 तारीख को हमारी ही जीत होगी।
कांग्रेस नेता टी. सिद्दीकी ने मतदान के बीच कहा कि कांग्रेस केरल में 100 से अधिक सीटों के पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उनके पक्ष में चल रही लहर बहुत स्पष्ट और साफ है। उम्मीदवारों और UDF कार्यकर्ताओं के प्रति जनता की प्रतिक्रिया भी बहुत साफ और स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने DMS कार्यालय में विधानसभा चुनावों में अपना वोट डाला। विधानसभा चुनावों के बीच उन्होंने कहा कि चुनावों में वोट डालना हर नागरिक का प्राथमिक कर्तव्य है। मैं सभी नागरिकों से अनुरोध करता हूँ कि वे अपना वोट डालें।
केरलम चुनाव के बीच कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने कहा कि UDF इस चुनाव में भारी बहुमत से जीत रही है। आपने देखा ही होगा कि ज़मीनी स्तर पर लोग कह रहे हैं कि वे बदलाव चाहते हैं। राज्य कर्ज़ में डूबा है, बेरोज़गारी है, और आज राज्य में नशे की समस्या भी है। BJP इतनी हताश हो चुकी है कि वह वोट खरीद रही है।
केंद्रीय मंत्री और BJP के वरिष्ठ नेता सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को डिब्रूगढ़ में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हम लगभग 100 सीटें जीतेंगे।
केरलम, असम और पुडुचेरी में चुनाव हो रहे हैं। इस दौरान सुबह 11 बजे तक के मतदान का प्रतिशत सामने आया है। असम में 38.92%, केरलम में 33.28% जबकि पुडुचेरी में अब तक 37.06% मतदान हो चुके हैं।
केरल विधानसभा चुनावों के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि BJP यहाँ कोई मायने नहीं रखती। यह एक ऐसा राज्य है जहाँ विधानसभा में BJP के पास एक भी सीट नहीं है। उनका ज़िक्र भी उसी साँस में करना, उनकी ज़रूरत से ज़्यादा तारीफ़ करना होगा। यह लड़ाई मौजूदा LDF सरकार और उसे चुनौती दे रही UDF के बीच है।
असम में चुनाव के दौरान दिवंगत गायक ज़ुबीन गर्ग के परिवार ने भी मतदान किया। वो मतदान के लिए गुवाहाटी पहुँचे। गर्ग की पत्नी, गरिमा सैकिया गर्ग, और बहन, पाल्मी बोरठाकुर, अपना वोट डालने के लिए पहुँचीं। गरिमा ने कहा कि आज, मैं अपना वोट डालने आई हूँ, भले ही मेरी तबीयत ठीक नहीं है, क्योंकि वोट डालना हमारा कर्तव्य है। बता दें कि 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दुखद हादसे में जुबिन की मौत हो गई थी।
असम, केरलम और पुडुचेरी में चुनाव चल रहे हैं और अब दोपहर 1 बजे तक का अनुमानित मतदान प्रतिशत सामने आया है। असम में 59.63%, केरलम में 49.70% जबकि पुडुचेरी में 56.83% मतदान हुए हैं।
असम में चुनाव चल रहा है। इसी बीच सीएम हेमंता बिस्वा सरमा अपनी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा संग वोट डालने पहुंचे।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने 2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए गुवाहाटी के खरगुली स्थित लाल सिंह अकादमी पहुंचे और मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
पुडुचेरी में लछिया जननायगा काची के संस्थापक और कामराज नगर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार जोस चार्ल्स मार्टिन अपनी पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वोट डालना सबका कर्तव्य है और सम्मान की बात भी है। हमलोग भारतीय हैं और हमें अपनी लोकतंत्र की एकता और ताकत का प्रदर्शन करना चाहिए। पुडुचेरी में फिर NDA की सरकार आएगी।
असम, केरलम और पुडुचेरी में मतदाता जमकर वोटिंग कर रहे हैं। इसी बीच दोपहर 3 बजे तक का अनुमानित मतदान प्रतिशत आ गया है। असम में 75.91%, पुडुचेरी में 72.40% जबकि केरलम में 62.71% वोटिंग हुई।
एम.ए. ब्रह्मराज केरल में आलुवा से बीजेपी के उम्मीदवार हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें एक मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया। ब्रह्मराज ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी के पास दर्ज कराया है।
शाम 5 बजे तक असम में 84.42 प्रतिशत, केरल में 75.01 प्रतिशत और पुडुचेरी में 86.92 प्रतिशत का अनुमानित आंकड़ा आया सामने ।
असम केरल और तमिलनाडु में मतदान समाप्त हुआ। केरल में 77.75 प्रतिशत, असम में 85.24 प्रतिशत और पुडुचेरी में 89.56 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों राज्यों में मतदान प्रतिशत बहुत अच्छा बताया जा रहा है।
तीन राज्यों में विधानसभा का मतदान समाप्त हो चुका है। जहाँ असम में 85.38%, केरलम में 78.03% जबकि पुडुचेरी में 89.83% मतदान हुआ है।