चारधाम यात्रा में गंगोत्री-यमुनोत्री में 10.55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन IANS
राष्ट्रीय

चारधाम यात्रा में गंगोत्री-यमुनोत्री में 10.55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है।

IANS

उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शनिवार शाम तक दोनों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 10 लाख 55 हजार 114 तक पहुंच गई है।

शनिवार को अकेले 19,287 श्रद्धालुओं ने दोनों धामों में दर्शन किए। इनमें यमुनोत्री धाम में 8,785 और गंगोत्री धाम में 10,502 श्रद्धालु पहुंचे। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक यमुनोत्री धाम में 5 लाख 16 हजार 206 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि गंगोत्री धाम में यह आंकड़ा 5 लाख 38 हजार 908 तक पहुंच गया है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ वाहनों की आवाजाही भी लगातार जारी है। शनिवार को दोनों धामों के लिए कुल 1,982 वाहन संचालित हुए। वहीं, यात्रा प्रारंभ होने के बाद से अब तक 1 लाख 3 हजार 215 वाहन धामों तक पहुंच चुके हैं।

यमुनोत्री धाम की कठिन चढ़ाई को देखते हुए श्रद्धालु घोड़े-खच्चर, डण्डी और कण्डी जैसी पारंपरिक सुविधाओं का भी उपयोग कर रहे हैं। शनिवार को 1,705 यात्रियों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया। यात्रा शुरू होने से अब तक इन सुविधाओं का उपयोग करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 92 हजार 257 हो चुकी है।

यात्रियों के स्वास्थ्य को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्क्रीनिंग और जांच की जा रही है। शनिवार को 5,642 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 564 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 3 लाख 24 हजार 987 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और 27, 529 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।

जिला प्रशासन ने बताया कि चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। [SP]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)