गाजियाबाद हत्याकांड में समाजवादी पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोपों निशाना साधने के बाद मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को सिर्फ गाजियाबाद की घटना को लेकर हमलावर नहीं होना चाहिए, बल्कि चंदौली, मऊ और बाराबंकी की घटनाओं पर हमलावर होना चाहिए।
गाजियाबाद के युवक की हत्या के मामले पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "एक हत्या हुई है और परिवार शोक में डूबा है। हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इस अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के दायरे में सभी की गिरफ्तारी होगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।"
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से राज्य की कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने कहा, "समाजवादी पार्टी को सिर्फ गाजियाबाद की घटना को लेकर हमलावर नहीं होना चाहिए, बल्कि चंदौली, मऊ और बाराबंकी की घटनाओं पर भी समाजवादी पार्टी को चुप्पी तोड़नी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "चंदौली में अखिलेश यादव की जाति के 4 लोगों ने समाजवादी पार्टी की महिला मंच की जिला अध्यक्ष को घर में घुसकर पीटा। दो दिन पहले मऊ के हलदरपुर थाने में चार यादवों ने एक राजभर की गोली मारकर हत्या की। बाराबंकी में राजभर समाज के एक और युवक की गर्दन काट दी गई। इन घटनाओं पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को हमलावर होना चाहिए।"
बीते दिनों अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक हर दिन हत्या की कई-कई घटनाएं हो रही है।
इस दौरान, ओमप्रकाश राजभर ने केरल में 'वंदे मातरम' पर सरकार और राज्यपाल के बीच हुए विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "अगर किसी को इस देश में रहना है, तो उसे 'वंदे मातरम' कहना ही होगा। प्रधानमंत्री ने यह बयान संविधान के दायरे में रहते हुए दिया है, और देश में हर किसी को इसका पालन करना होगा।" (MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)