पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित KGS कोचिंग में असामाजिक तत्वों की गोलीबारी और तोड़फोड़ से छात्रों में दहशत फैल गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बगल के ही एक अन्य कोचिंग संस्थान 'ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी' के डायरेक्टर रोशन आनंद सर को गिरफ्तार कर लिया है। रोशन आनंद सर भी पटना के मशहूर शिक्षक हैं। उन्होंने कहा है कि खान सर ने उनके खिलाफ साजिश की है जिसका जल्द ही पर्दाफाश होगा।  X
राष्ट्रीय

'बम से उड़ा देंगे', पहली बार नहीं हुआ खान सर की कोचिंग पर हमला, 7 साल पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना

पटना के मुसल्लहपुर हाट में KGS कोचिंग पर फायरिंग और तोड़फोड़ से छात्रों में दहशत, सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल; खान सर ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संचालकों पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया, पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की

Author : Pradeep Yadav

  • पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित KGS कोचिंग में असामाजिक तत्वों की गोलीबारी और तोड़फोड़ से छात्रों में दहशत फैल गई। सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात है। डायरेक्टर फैज़ल खान ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग मालिकों पर साजिश का आरोप लगाया, जबकि प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए सख्त कार्रवाई शुरू की है।

बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संस्थान KGS के बाहर गोलीबारी होने से भारी बवाल मचा हुआ है। इस हिंसक घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से कोचिंग के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अचानक हुई इस वारदात के बाद से कोचिंग के बच्चे और शिक्षक सरकार से लगातार अपनी सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। पूरे मामले पर कोचिंग के प्रमुख खान सर ने कहा है कि उनके आसपास के ही कुछ लोगों ने इस अप्रिय घटना को अंजाम दिया है।

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, पटना का मुसल्लहपुर हाट (Musallahpur Hat) इलाका प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का मुख्य केंद्र माना जाता है। यहाँ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग संस्थानों की भारी भरमार है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इसी इलाके में स्थित KGS नामक कोचिंग के परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को भी गंभीर चोट पहुंचाई। इस घटना पर कोचिंग के डायरेक्टर फैज़ल खान ने कहा है कि इस अप्रत्याशित घटना से कोचिंग परिसर का पूरा माहौल खराब हुआ है और कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों के बीच भारी भय का माहौल बना हुआ है।

डायरेक्टर फैज़ल खान ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि कुछ प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के मालिक इस पूरी घटना में सीधे रूप से सम्मिलित हैं। इस पूरी हिंसक घटना को बिहार प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है और मामले में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।

डायरेक्टर रोशन आनंद गिरफ्तार !

विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बगल के ही एक अन्य कोचिंग संस्थान 'ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी' के डायरेक्टर रोशन आनंद सर को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि रोशन आनंद भी पटना के मशहूर शिक्षक हैं, जो छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं। हालांकि, पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस पूरे प्रकरण में वास्तव में कौन दोषी है, इसका अंतिम फैसला माननीय अदालत ही करेगी। रोशन आनंद सर ने कहा है कि खान सर ने उनके खिलाफ साजिश की है जिसका जल्द ही पर्दाफाश होगा।

पहले भी हुआ है ऐसा हमला !

डायरेक्टर फैज़ल खान की कोचिंग पर यह पहला हमला नहीं हुआ है, बल्कि इसके पहले भी उनके संस्थान पर एक बार बड़ा हमला हो चुका है। इससे पूर्व साल 2019-20 में भी फैज़ल खान की कोचिंग के बाहर कुछ उपद्रवियों द्वारा बम से हमला किया गया था। उस समय भी पुलिस प्रशासन द्वारा उनके जान को भारी खतरा बताया गया था। बता दें कि पटना के इस पूरे कोचिंग हब में कोचिंग संचालकों के बीच आपसी बहस और नोकझोंक हमेशा होती रहती है। विभिन्न परीक्षाओं में चयनित छात्रों की संख्या को लेकर उनके बीच बहुत बार गंभीर विवाद होते देखा गया है। इसी क्रम में, हाल ही में जब बिहार पुलिस भर्ती का रिजल्ट आया, तो उसमें भी संस्थानों के बीच ऐसा ही भारी विवाद देखा गया है।

चयनित छात्रों को लेकर अलग-अलग दावे

बीते 27 मई 2026 को जब बिहार पुलिस भर्ती का फाइनल रिजल्ट आया, तो परिणाम घोषित होते ही पटना के कोचिंग संचालकों में चयनित छात्रों की संख्या को लेकर आपस में भिड़ंत हो गई। परिणाम आने के तुरंत बाद पटना के खान सर ने अपने संस्थान से 12 हजार से अधिक छात्रों के सफल होने का दावा ठोक दिया, तो वहीं दूसरी तरफ ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद सर ने भी अपने यहाँ से 10 हजार से अधिक छात्रों के सफल होने का बड़ा दावा ठोक दिया।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस बार बिहार पुलिस भर्ती में कुल 19,838 सीटें ही थीं। ऐसे में दोनों कोचिंग संचालकों द्वारा किए गए अलग-अलग दावों को लेकर आपस में रस्साकसी जारी है, इसी बीच हिंसक घटना ने इसको अलग रूप दे दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

यह भी देखें :