कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को लेकर चल रही जोरदार अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 'कावेरी' में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ नाश्ता किया किया।
मुख्यमंत्री पद के एक मजबूत दावेदार माने जा रहे कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार कई कैबिनेट मंत्रियों और सिद्धारमैया के करीबी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ उनके आवास पर पहुंचे।
इस बैठक ने लोगों का काफी ध्यान खींचा है, क्योंकि कर्नाटक की राजनीति में सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे से जुड़ी अफवाहें छाई हुई हैं।
सिद्धारमैया ने डीके शिवकुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री का अभिवादन करने के बाद शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए और उन्हें गले लगाया। इस मुलाकात की तस्वीरें सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार, दोनों के कार्यालयों द्वारा जारी की गईं।
राज्य कांग्रेस में संभावित सत्ता परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों के बीच डीके शिवकुमार द्वारा सिद्धारमैया का आशीर्वाद लेने वाला दृश्य राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच सौहार्द दर्शाने वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि ये तस्वीरें दोनों खेमों द्वारा जान-बूझकर जारी की गई, ताकि कर्नाटक कांग्रेस नेतृत्व के भीतर एकता और तालमेल का संदेश दिया जा सके।
कर्नाटक कांग्रेस ने तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, "वह दिन, आज का दिन और सदा के लिए...एकता ही हमारी शक्ति है। जनसेवा ही हमारी शाश्वत प्रतिबद्धता है।"
कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ, सिद्धारमैया के करीबी माने जाने वाले कई विधायक भी इस बैठक में शामिल हुए।
मीटिंग के बाद उम्मीद है कि सिद्धारमैया मीडिया से बात करेंगे और मुख्यमंत्री पद से उनके संभावित इस्तीफे और कर्नाटक में भविष्य के नेतृत्व के इंतजाम के बारे में चल रही अफवाहों पर सफाई देंगे।
गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सिद्धारमैया के घर पर हो रही हलचल और मीटिंग से जारी तस्वीरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। सिद्धारमैया के इस्तीफे को लेकर चल रही अफवाहों पर टिप्पणी करते हुए परमेश्वर ने कहा कि यह मामला पूरी तरह से पार्टी आलाकमान के हाथ में है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री पद से हटाने से दबे-कुचले वर्गों और दलितों में कोई गलत संदेश जाएगा, तो उन्होंने जवाब दिया, "चलिए, देखते हैं क्या होता है।"
यह ध्यान देने वाली बात है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर बढ़ते राजनीतिक ड्रामे के बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत बेंगलुरु से चले गए हैं, जिससे पूरे राज्य में जोरदार राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस के सूत्रों ने संकेत दिया कि शहर से राज्यपाल की गैरमौजूदगी का इस्तीफे की प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा और उम्मीद है कि सिद्धारमैया गुरुवार को दोपहर 3 बजे तय समय के अनुसार अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया को राज्यपाल के दफ्तर में अपना इस्तीफा सौंपने का निर्देश दिया गया है, भले ही राज्यपाल अभी बेंगलुरु से बाहर हैं। पार्टी नेताओं ने जोर देकर कहा कि तय समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं होगा और सभी घटनाक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार ही आगे बढ़ेंगे।
एआईसीसी के महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को कांग्रेस के भीतर किसी भी सत्ता-साझेदारी के इंतजाम की खबरों को खारिज कर दिया और इस बात पर जोर दिया कि मुख्यमंत्री बदलने के संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। (MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)