जयपुर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले प्रशासन का अलर्ट ians
राष्ट्रीय

भारत में सरकार का बड़ा फैसला, इंटरनेट पर लगाया गया बैन

Internet Ban: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा 8 जून को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है।

IANS

Internet Ban: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा 8 जून को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। एहतियातन जयपुर के कई क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है।

संभागीय आयुक्त जयपुर वी. सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और इंटरनेट आधारित सेवाओं के दुरुपयोग के जरिए अफवाहें फैलने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या तनावपूर्ण स्थिति को रोकना है।

आदेश के अनुसार, 7 जून की मध्यरात्रि (रात 12 बजे) से 8 जून की मध्यरात्रि (रात 12 बजे तक) जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इसके अलावा बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सेवाएं भी निलंबित रहेंगी।

यह प्रतिबंध गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर, बनीपार्क, कानोता, तूंगा, आंधी, जमवारामगढ़, सामोद, रायसर, गोविंदगढ़, चंदवाजी, शाहपुरा, अचरोल, विराटनगर, पावटा, प्रागपुरा, मनोहरपुर, भाबरू, कालाडेरा, चौमूं, हरमाड़, झोटवाड़ा, करधनी, वैशाली नगर, सोडाला, श्याम नगर, गांधी नगर, बजाज नगर, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, सांगानेर, प्रतापनगर, मुहाना, शिवदासपुरा, बगरू, दूदू, फागी और फुलेरा समेत सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में लागू रहेगा।

हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वॉयस कॉल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी और उन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। (MK)

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)