मणिपुर में एक बार फिर अशांति का माहौल है। राजधानी इम्फाल में रैली के दौरान उपद्रव मचाने वाले उपद्रवियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अन्य की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मणिपुर पुलिस ने बताया कि 18 अप्रैल को इम्फाल-जिरीबाम सड़क पर एक मशाल रैली निकाली गई थी। पटसोई से सगोलबंद तक निकाली गई रैली का आयोजन विभिन्न नागरिक समाज संगठनों द्वारा किया गया था। रैली के दौरान भीड़ हिंसक हो गई और उसने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, पेट्रोल बम फेंके, गुलेल और बड़े पत्थरों का इस्तेमाल किया। इस उपद्रव में कई लोग घायल हो गए थे। इस दौरान, सुरक्षा बलों के सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई थी। इस हमले में सीआरपीएफ की 232वीं बटालियन के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।
मणिपुर पुलिस ने इस घटना के संबंध में 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सगोलबंद सलाम लीकाई के संजीव (36), तेरा लौक्राकपम लेइराक के ताखेलचांगबम बोनान्ज़ा (28), उरीपोक ख्वाई ब्रह्मपुर लीकाई निवासी राहुल क्षेत्रमयुम (27), सागोलबैंड मीनो लीराक निवासी थोंगबाम रोज़र (39), ब्रह्मपुर लाइपुबम लीकाई, इम्फाल पूर्व के गुरुमायुम मैक्स शर्मा (26), तेरा सदोकपम लीकाई के लामजिंगबा अयेकपम (29), सगोलबैंड मीनो लीराक के मुतुम मुरारी (37), नोंगाडा माखा लीकाई के मोइरांगथेम जेम्स (28), थांगमेइबैंड लौरुंग प्योरल लीकाई के ओइनम माइकल (36), लंगथाबल लेप मायाई लीकाई के कोइजम कर्णजीत मेइतेई (23), लंगथाबल मन्त्रखोंग मयई लीकाई के लम्बामायुम रिंगो (29), नागमपाल सिंगजुबुंग के युरिश वेयनबाम (35), नाओरेमथोंग के हुइरेम सोमोरजीत सिंह (25), नागमपाल के खोइसनाम नाओबा सिंह (32), खा संजेनबाम के निकेश लैशराम (23), लैंगोल गेम गांव के चिंगखम रंजन (28), नेशनल गेम विलेज के सीरम विकास (21), तेरा लुकराम लीराक के कांगजम चिंगखेइंगनबा (24), तेरा सापम लीराक के खुराइजम दीपक सिंह (34), टेरा बाजार के वाहेंगबाम नरेन सिंह (34) और टॉप खोंगनांगखोंग के अनाओबा क्षेत्रिमायुम (18) के रूप में हुई है।
वहीं, 18 अप्रैल को मणिपुर में जातीय तनाव के बीच उखरुल जिले में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी कर दो नागा नागरिकों की हत्या कर दी थी। यह घटना इम्फाल-दीमापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच- 2) पर उस समय हुई जब वाहन उखरुल की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान चीनाओशांग शोखवुंगनाओ (45) और यारुइंगम वाशुम (42) के रूप में हुई थी। (MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)