दिल्ली पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त, बाइक स्टंट करने वालों को जारी किया चालान IANS
राष्ट्रीय

दिल्ली पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त, बाइक स्टंट करने वालों को जारी किया चालान

सोशल मीडिया पर वायरल बाइक स्टंट वीडियो से मिली सुराग, दिल्ली पुलिस ने चालान काटकर दिया कड़ा संदेश: सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

IANS

दिल्ली पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में लगी हुई है। लेकिन कुछ ऐसे लोग भी हैं जो शो बाजी और रील बनाने के चक्कर में चलती बाईक पर ऐसे करतब दिखा रहे हैं जो न केवल उनकी जान के लिए जोखिम बन सकता है, बल्कि दूसरे लोगों को भी खतरे में डाल सकता है।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ बाइक सवार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस ने इस वीडियो को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई शुरू की। वीडियो में दिखाई गए वाहन और बाइक सवारों की पहचान कर ली गई। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान जारी किया गया।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर उनका रुख सख्त है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आगे भी उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

इसके कुछ दिन पहले ही पुलिस ने गन कल्चर के प्रति जीरो टॉलरेंस के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की थी। सोशल मीडिया और साइबर पेट्रोलिंग के जरिए पता चला कि कुछ लोग अवैध हथियार लहरा रहे हैं और इस तरह की गतिविधियों से आम लोगों की सुरक्षा को खतरा है। दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे एक आरोपी को पकड़ लिया।

अलीपुर थानाक्षेत्र में पुलिस टीम ने गोगी गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी में एक पिस्तौल भी बरामद हुई।

दिल्ली पुलिस सिर्फ सड़क सुरक्षा ही नहीं, बल्कि हथियारों के गैरकानूनी उपयोग और अपराधों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। इसके लिए पुलिस की टीम लगातार सोशल मीडिया और साइबर चैनलों पर नजर रख रही है ताकि ऐसे अपराधों को पहले ही पकड़ा जा सके। साइबर पेट्रोलिंग और लोकल इंटेलिजेंस नेटवर्क के जरिए आरोपी जल्दी ट्रेस किए जा रहे हैं और उनके खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

[PY]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)