भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न राज्यों की विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। भाजपा ने गोवा की एक, नागालैंड की एक, कर्नाटक की 2 और त्रिपुरा की एक विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किए हैं।
भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह एवं केन्द्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे। केन्द्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न प्रदेशों में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई। इसके बाद भाजपा की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी की गई।
भाजपा ने गोवा की पोंडा विधानसभा सीट से रितेश रवि नायक को उम्मीदवार बनाया है। नागालैंड की कोरिडांग (आरक्षित) विधानसभा सीट से दाओचियर आई इम्चेन को टिकट दिया है। इसी तरह कर्नाटक के बागलकोट विधानसभा से वीरभद्रय्या चरंतीमठ और दावणगेरे दक्षिण से श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट से जहर चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है।
गौरतलब है कि गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा। इसके अलावा गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। इन सभी सीटों पर बाकी अन्य राज्यों की तरह ही 4 मई को मतगणना होगी।
उपचुनाव में जीत के लिए भाजपा के साथ अन्य विपक्षी पार्टियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए अनुरोध करने के साथ विभिन्न वादे कर रहे हैं।
वहीं, निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और छह राज्यों में उपचुनावों के लिए 1,111 पर्यवेक्षक तैनात किये हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित करते हुए कहा था कि चुनाव-हिंसा और प्रलोभन मुक्त कराए जाएं ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय या पक्षपात के अपना वोट डाल सके। इसे सुनिश्चित करने में पर्यवेक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)