अपने जन्मदिन पर अनुपम खेर ने किया फैंस को 
राष्ट्रीय

अपने जन्मदिन पर अनुपम खेर ने किया फैंस को 'इमोशनल ब्लैकमेल', 42 साल की मेहनत के बदले मांगा यह तोहफा

IANS

मुंबई, 7 मार्च (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के वरिष्ठ कलाकार अनुपम खेर ने सिनेमा पर कई दशकों तक राज किया है और उन्होंने अपने जीवन के 42 साल सिर्फ सिनेमा को दिए हैं।

किसी भी अभिनेता के लिए यह बड़ी उपलब्धि है, लेकिन अभिनेता को आज भी लग रहा है कि उन्होंने तो सिर्फ शुरुआत की है और अभी बहुत कुछ करना बाकी है। अपने जन्मदिन पर अनुपम खेर ने फैंस से अपने करियर से जुड़ी कई बातें शेयर कीं और यह भी बताया कि उन्हें इस जन्मदिन फैंस से क्या तोहफा चाहिए।

अनुपम खेर आज 71 साल के हो चुके हैं और अपने फिल्मी करियर में 550वीं फिल्म पूरी कर चुकी हैं और अपनी ऑटोबायोग्राफी शो के भी 500 एपिसोड पूरे कर चुके हैं, जो उनके बचपन से लेकर जिंदगी के अब तक के संघर्ष को दिखाता है। अभिनेता का कहना है कि पीछे मुड़कर देखने पर लगता है कि अभी तो सिर्फ शुरुआत है 71 साल की उम्र में बहुत कुछ करना बाकी है। अनुपम खेर ने अपने जन्मदिन पर सबसे पहले खुद को विश किया और फिर फैंस के सामने डिमांड रख दी है।

अभिनेता का कहना है कि सालों से वे अपनी फिल्मों, किताबों और विचारों से दर्शकों को एंटरटेन करते आए हैं, लेकिन आज तक उन्होंने कुछ नहीं मांगा, लेकिन आज अपने दर्शकों से बर्थडे गिफ्ट चाहते हैं। अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, 'अगर आप मुझे जन्मदिन का कोई तोहफा देना चाहते हैं, तो मेरी फिल्म तन्वी द ग्रेट को अमेजन प्राइम पर देख लीजिए। मैं जानता हूं इसको इमोशनल ब्लैकमेल कहते है, पर मैं बर्थडे बॉय हूं। एक कलाकार के लिए इससे बड़ा उपहार क्या होगा कि जिन लोगों के लिए उसने इतने साल काम किया, वही लोग उसकी नई कहानी देखें।'

यह बात तो सभी जानते हैं कि अभिनेता के लिए 'तन्वी द ग्रेट' बहुत खास फिल्म है। उन्होंने खुद इस फिल्म को निर्देशित किया है, जो ऑटिज्म से पीड़ित लड़की की कहानी है। तन्वी मानसिक रूप से कमजोर है लेकिन उसके हौसलों की उड़ान खुले आसमान को छूने का साहस रखती है।

--आईएएनएस

पीएस/एएस