नोएडा, 5 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में होली के दौरान हुड़दंग और मारपीट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें से दो वीडियो सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। पहला वीडियो नोएडा के सेक्टर-79 स्थित सिविटेक स्टेडिया सोसाइटी का बताया जा रहा है जबकि दूसरा वीडियो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है।
दोनों ही मामलों में होली खेलने के दौरान विवाद बढ़ने के बाद जमकर मारपीट हुई। पहला वीडियो सेक्टर-79 स्थित सिविटेक स्टेडिया सोसाइटी का है। करीब एक मिनट 20 सेकेंड के इस वीडियो में 12 से 14 लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग गाली-गलौज भी करते नजर आ रहे हैं और एक महिला भी मौके पर मौजूद दिख रही है।
जानकारी के अनुसार, होली खेलने के दौरान सोसाइटी के दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले बहस हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद कुछ लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़े को शांत कराया। विवाद शांत होने के बाद सोसाइटी में दोबारा होली खेली गई।
दूसरा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है, जहां होली के दिन सुरक्षा गार्डों और सोसाइटी के निवासियों के बीच विवाद हो गया। करीब एक मिनट के इस वीडियो में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान सुरक्षा गार्डों ने लाठी-डंडों से निवासियों की पिटाई की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस के अनुसार, होली के अवसर पर कुछ लोग अपने परिवार के साथ सोसाइटी परिसर में डांस और रंग-गुलाल के साथ होली मना रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा गार्डों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
बिसरख पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आनन्द, गुड्डू कुमार मालदार, प्रकाश राय, किशन, दीपक, शिव कुमार शुक्ला, छबिनाथ, मदन लाल, राकेश और अनुराग कुमार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीयूष