ग्रेटर नोएडा : पुलिस ने आत्मरक्षा (Self Defense) में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर मौके से गिरफ्तार कर लिया।  IANS
उत्पीड़न/अपराध

ग्रेटर नोएडा : पुलिस मुठभेड़, शातिर बदमाश घायल, भारी मात्रा में चोरी का सामान और हथियार बरामद

ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में शुक्रवार (6th February 2026) देर रात को पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Author : IANS

ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में शुक्रवार (6th February 2026) देर रात को पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल बदमाश की पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ मौत पुत्र अशोक, निवासी ग्राम तिलोटी, थाना सासनी, जिला हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई जिलों में दर्जनों चोरी व लूट की घटनाओं में वांछित रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को थाना इकोटेक-3 पुलिस बिजली घर जलपुरा के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान रास्ते में पानी भरा होने के कारण गाड़ी फंस गई। अपने आप को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा (Self Defense) में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक चैन, एक दीवार घड़ी, कपड़े, मेकअप किट, एक होंडा सिटी कार (नंबर यूपी 16 एजे 1757) तथा एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में बरामद सामान चोरी का बताया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजीव उर्फ सनी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, चोरी, लूट और नकबजनी समेत कुल 27 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ के बाद कई अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।

(PO)