मानसून (Mansoon)  Pixabay
सैर-सपाटा

बारिश लवर्स के लिए 'स्वर्ग' हैं भारत के ये 4 टूरिस्ट स्पॉट्स, गर्लफ्रेंड के साथ जरूर करें एक्सप्लोर

भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं जो मानसून में और भी ज्यादा आकर्षक हो जाती हैं। यहां झरनों की गूंज, बादलों के बीच खोए पहाड़ और प्रकृति का अनोखा सौंदर्य हर किसी का दिल जीत लेता है।

Author : Sarita Prasad

बारिश की बूंदें, ठंडी हवाएं, बादलों से ढकी पहाड़ियां और हरियाली से भरपूर नज़ारे... मानसून (Monsoon) का मौसम घूमने-फिरने के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं होता। अगर आप भी बारिश के मौसम को खुलकर जीना चाहते हैं और अपनी गर्लफ्रेंड के साथ किसी रोमांटिक ट्रिप की योजना बना रहे हैं, तो भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं जो मानसून में और भी ज्यादा आकर्षक हो जाती हैं। यहां झरनों की गूंज, बादलों के बीच खोए पहाड़ और प्रकृति का अनोखा सौंदर्य हर किसी का दिल जीत लेता है। आइए जानते हैं भारत के 4 ऐसे टूरिस्ट स्पॉट्स के बारे में, (4 tourist spots, which are no less than a paradise for rain lovers) जो बारिश प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं हैं।

मुन्नार, केरल

केरल के इडुक्की जिले में स्थित मुन्नार (Munnar, Kerala) भारत के सबसे खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक माना जाता है। मानसून के दौरान यह जगह पूरी तरह हरे-भरे चाय बागानों और धुंध से ढके पहाड़ों से सज जाती है। बारिश की हल्की फुहारों के बीच यहां का नजारा किसी फिल्मी लोकेशन जैसा दिखाई देता है। अगर आप अपनी गर्लफ्रेंड के साथ शांत और रोमांटिक समय बिताना चाहते हैं, तो मुन्नार एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

मुन्नार (Munnar, Kerala)

मुन्नार (Munnar) पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट कोच्चि है, जो यहां से लगभग 110 किलोमीटर दूर है। वहीं एर्नाकुलम निकटतम रेलवे स्टेशन है। यहां आने वाले पर्यटक एराविकुलम नेशनल पार्क, मट्टुपेट्टी डैम, टी म्यूजियम और अट्टुकल वॉटरफॉल्स जैसी जगहों का आनंद लेते हैं। बारिश के दौरान यहां के झरने और भी खूबसूरत हो जाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि मुन्नार दुनिया की कुछ सबसे बेहतरीन चायों के उत्पादन के लिए भी प्रसिद्ध है। बादलों के बीच चाय के बागानों में टहलना यहां का सबसे यादगार अनुभव माना जाता है। अगर खर्च की बात करें तो 3 से 4 दिनों की कपल ट्रिप पर लगभग 20,000 से 45,000 रुपये तक का खर्च आ सकता है, जिसमें होटल, भोजन, स्थानीय घूमना-फिरना और आने-जाने का खर्च शामिल है।

कूर्ग, कर्नाटक

कूर्ग, जिसे भारत का स्कॉटलैंड (Scotland of India) भी कहा जाता है, मानसून के दौरान अपनी असली खूबसूरती दिखाता है। पश्चिमी घाट की पहाड़ियों में बसा यह क्षेत्र कॉफी के बागानों, घने जंगलों और शानदार झरनों के लिए जाना जाता है। बारिश शुरू होते ही यहां की वादियां हरी चादर ओढ़ लेती हैं और पूरा इलाका बेहद आकर्षक दिखाई देता है। रोमांटिक कपल्स के लिए यह जगह किसी सपने जैसी लगती है।

कूर्ग (Coorg)

कूर्ग (Coorg) पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट मैसूर और बेंगलुरु हैं। सड़क मार्ग से भी यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां एबी फॉल्स, राजा सीट, दुबारे एलीफेंट कैंप और तालकावेरी प्रमुख आकर्षण हैं। बारिश के मौसम में एबी फॉल्स का नजारा देखने लायक होता है। कूर्ग की खासियत यहां के कॉफी प्लांटेशन हैं, जहां पर्यटक कॉफी की खेती और प्रोसेसिंग को करीब से देख सकते हैं। सुबह के समय बादलों से घिरी पहाड़ियों और ठंडी हवाओं के बीच बिताया गया समय हर कपल के लिए बेहद खास बन जाता है। यहां 2 से 4 दिनों की यात्रा के लिए एक कपल को औसतन 15,000 से 35,000 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।

लोनावला, महाराष्ट्र

मुंबई और पुणे के बीच स्थित लोनावला (Lonavala) मानसून के दौरान सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले टूरिस्ट डेस्टिनेशनों में से एक है। बारिश शुरू होते ही यहां की पहाड़ियां, झरने और घाटियां जीवंत हो उठती हैं। चारों तरफ फैली हरियाली और बादलों से घिरे पहाड़ इस जगह को बेहद रोमांटिक बना देते हैं। यही कारण है कि हर साल हजारों कपल्स यहां घूमने आते हैं। अगर आप अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बारिश का असली मजा लेना चाहते हैं, तो लोनावला आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकता है।

लोनावला (Lonavala)

लोनावला सड़क और रेल दोनों मार्गों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। मुंबई से इसकी दूरी लगभग 85 किलोमीटर और पुणे से करीब 65 किलोमीटर है। यहां का भुशी डैम, टाइगर पॉइंट, राजमाची किला, लायंस पॉइंट और कार्ला गुफाएं पर्यटकों को खूब आकर्षित करती हैं। मानसून के दौरान भुशी डैम में बहता पानी और आसपास का प्राकृतिक नजारा लोगों को मंत्रमुग्ध कर देता है। लोनावला अपनी मशहूर चिक्की के लिए भी जाना जाता है। बारिश में गर्म चाय और चिक्की का स्वाद यहां की यात्रा को और भी यादगार बना देता है। खर्च की बात करें तो मुंबई या पुणे से आने वाले कपल्स के लिए 2 से 3 दिनों की ट्रिप पर लगभग 8,000 से 20,000 रुपये तक का खर्च आ सकता है, जिससे यह मानसून की सबसे किफायती और रोमांटिक जगहों में से एक बन जाती है।

चेरापूंजी, मेघालय

मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में स्थित चेरापूंजी (Cherrapunji) दुनिया के सबसे अधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में गिना जाता है। बारिश प्रेमियों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां साल के अधिकांश समय बादल, बारिश और हरियाली का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। मानसून के दौरान चेरापूंजी की खूबसूरती अपने चरम पर होती है। झरनों से गिरता पानी, धुंध में लिपटी पहाड़ियां और प्रकृति की अनोखी छटा हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती है।

चेरापूंजी (Cherrapunji)

चेरापूंजी (Cherrapunji) पहुंचने के लिए सबसे पहले शिलांग जाना पड़ता है, जो यहां से लगभग 55 किलोमीटर दूर है। शिलांग से टैक्सी या बस के जरिए आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां का नोहकालिकाई फॉल्स, सेवन सिस्टर्स फॉल्स, मावस्माई गुफाएं और प्रसिद्ध लिविंग रूट ब्रिज मुख्य आकर्षण हैं। खास बात यह है कि लिविंग रूट ब्रिज पेड़ों की जड़ों से प्राकृतिक रूप से बनाए गए पुल हैं, जिन्हें देखने दुनियाभर से पर्यटक आते हैं। अगर आप प्रकृति के सबसे अनोखे और खूबसूरत रूप को करीब से देखना चाहते हैं, तो चेरापूंजी की यात्रा आपके लिए जीवनभर का यादगार अनुभव साबित हो सकती है। यहां 4 से 5 दिनों की कपल ट्रिप पर लगभग 25,000 से 50,000 रुपये तक का खर्च आ सकता है, लेकिन प्रकृति के बीच बिताए गए ये खूबसूरत पल इस यात्रा को पूरी तरह यादगार बना देते हैं। [SP]