मांसाहारी प्रोटीन से बेहतर है प्लांट बेस्ड प्रोटीन IANS
जीवन शैली

मांसाहारी प्रोटीन से बेहतर है प्लांट बेस्ड प्रोटीन, जानें सेवन का तरीका

शरीर को सुचारू रूप से चलाने और मांसपेशियों को मजबूत रखने के लिए प्रोटीन शरीर के लिए बहुत जरूरी है। जिम में कसरत करने वाले लोग भी अपने डेली रूटीन में प्रोटीन का बड़ा हिस्सा लेते हैं

Author : IANS

शरीर को सुचारू रूप से चलाने और मांसपेशियों को मजबूत रखने के लिए प्रोटीन शरीर के लिए बहुत जरूरी है। जिम में कसरत करने वाले लोग भी अपने डेली रूटीन में प्रोटीन का बड़ा हिस्सा लेते हैं, क्योंकि मांसपेशियों को रिकवर करने के लिए भरपूर मात्रा में प्रोटीन की जरूरत पड़ती है। आमतौर पर लोगों के बीच धारणा है कि प्रोटीन ज्यादातर मांसाहारी चीजों से पाया जा सकता है, और अंडा व मांसाहारी भोजन के सेवन के बिना शरीर कमजोर हो जाता है, लेकिन ये पूरी तरह गलत है।

शाकाहारी लोग प्लांट-बेस्ड प्रोटीन का सेवन कर सकते हैं। विदेशों से लेकर हमारे देश में भी अब मांसाहारी प्रोटीन लेने के बजाय प्लांट-बेस्ड प्रोटीन की तरफ लोगों का रुझान बढ़ रहा है। आज हम जानेंगे कि प्लांट-बेस्ड प्रोटीन को कैसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं और इसके क्या-क्या फायदे भी हैं। अभी तक माना गया है कि दूध में कैल्शियम और मीट में प्रोटीन ज्यादा पाया जाता है, लेकिन वहीं बादाम कैल्शियम का सबसे अच्छा और बेहतरीन विकल्प है और अंकुरित दालों से भरपूर प्रोटीन भी मिल सकता है।

पौधों से मिलने वाला प्रोटीन शरीर के लिए ज्यादा उपयोगी होता है, जबकि दूध के अधिक सेवन से शरीर में कई समस्याएं हो सकती है। इसके अलावा कई लोगों में लैक्टोज के प्रति भी असहिष्णुता होती है; इससे पाचन संबंधी परेशानी भी होती है।

दूसरा, मांसाहार में आने वाले प्रोटीन पदार्थों में कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने की संभावना सबसे ज्यादा होती है। मीट, अंडे और रेड मीट रक्त में खराब वसा को बढ़ाते हैं और हृदय से जुड़े रोग होने की संभावना भी रहती है, लेकिन प्लांट-बेस्ड प्रोटीन में कोलेस्ट्रॉल होता ही नहीं है। प्लांट-बेस्ड प्रोटीन शरीर को फाइबर देता है, जिससे गंदगी को बाहर निकलने में मदद मिलती है और शरीर को भरपूर मात्रा में ऊर्जा भी मिलती है।

अब सवाल है कि किन चीजों से प्लांट-बेस्ड प्रोटीन ले सकते हैं। इसके लिए दाल, सोया, टोफू, सूखे मेवे, सीड्स, हरी सब्जियां, कच्ची मूंगफली, और अनाज का सेवन किया जा सकता है। आम इंसान के लिए प्रोटीन अपने शरीर के वजन के आधार पर लिया जाता है। मान लीजिए आपका वजन 50 किलोग्राम है, तो रोजाना आपको अपनी डाइट में 50 ग्राम प्रोटीन जरूरी होगा।

इसके लिए मूंग की दाल को अंकुरित कर सकते हैं, मूंग की दाल का चीला बना सकते हैं, टोफू की सब्जियों के साथ सलाद बना सकते हैं, और बीन्स और राजमा के कबाब या टिक्की बनाकर ले सकते हैं।

(MK)