गर्मियों में आम खाना क्यों माना जाता है सेहत का खजाना? जानिए इसे खाने का सही समय IANS
स्वास्थ्य

गर्मियों में आम खाना क्यों माना जाता है सेहत का खजाना? जानिए इसे खाने का सही समय

गर्मियों में बच्चों से लेकर बड़ों तक, लगभग हर किसी का पसंदीदा फल आम होता है। यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है।

IANS

गर्मियों में बच्चों से लेकर बड़ों तक, लगभग हर किसी का पसंदीदा फल आम होता है। यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। अगर आम को सही मात्रा और सही तरीके से खाया जाए तो यह शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व देता है। यही वजह है कि आम को फलों का राजा कहा जाता है।

वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, आम में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करते हैं। इसमें विटामिन-सी, विटामिन-ए, विटामिन-ई, फाइबर, पोटेशियम, मैग्नीशियम और कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। ये तत्व शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत बढ़ाने के साथ-साथ त्वचा, आंखों, दिल और पाचन तंत्र को भी स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में शरीर जल्दी थक जाता है और पानी की कमी होने लगती है। ऐसे में आम शरीर को ऊर्जा देने का काम करता है।

आम में मौजूद विटामिन-सी शरीर की इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद करता है। इससे शरीर संक्रमण और मौसमी बीमारियों से लड़ने में बेहतर तरीके से काम करता है। वहीं, इसमें पाया जाने वाला विटामिन-ए आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद होता है। यह त्वचा को भी स्वस्थ रखने में मदद करता है। आम में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं।

आम में फाइबर की मात्रा भी अच्छी होती है। यही कारण है कि इसे पाचन के लिए फायदेमंद माना जाता है। सही मात्रा में आम खाने से कब्ज जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है। इसके अलावा, इसमें मौजूद पोटेशियम दिल की सेहत को बेहतर रखने में मदद करता है और शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आम खाने का सबसे अच्छा समय दिन का पहला हिस्सा माना जाता है। सुबह या दोपहर में आम खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और यह लंबे समय तक ताजगी महसूस कराता है। हालांकि रात में बहुत ज्यादा आम खाने से कुछ लोगों को भारीपन या पाचन से जुड़ी परेशानी हो सकती है।

डॉक्टर यह भी सलाह देते हैं कि आम का सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में करना चाहिए, क्योंकि इसमें प्राकृतिक शुगर होती है, इसलिए जरूरत से ज्यादा खाने पर शरीर में कैलोरी बढ़ सकती है। [SP]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)