लू और डिहाइड्रेशन से बचाएगा इमली पना, स्वाद के साथ सेहत भी रखे दुरुस्त IANS
स्वास्थ्य

लू और डिहाइड्रेशन से बचाएगा इमली पना, स्वाद के साथ सेहत भी रखे दुरुस्त

देशभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच लोग शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले पारंपरिक पेयों की ओर रुख कर रहे हैं।

IANS

देशभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच लोग शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले पारंपरिक पेयों की ओर रुख कर रहे हैं। राजस्थान का मशहूर इमली पना भी ऐसा ही एक देसी ड्रिंक है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है।

खट्टी इमली, गुड़, पुदीना और मसालों से तैयार यह पेय शरीर को तुरंत ठंडक देता है और लू से बचाने में मदद करता है। राजस्थान में वर्षों से गर्मियों के मौसम में इमली का पना बनाया जाता रहा है। आयुर्वेद में भी इसे शरीर का तापमान संतुलित रखने वाला पेय माना जाता है। इसमें इस्तेमाल होने वाले प्राकृतिक तत्व शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते और पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाए रखते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, इमली में मौजूद पोषक तत्व शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करते हैं। वहीं, काला नमक और भुना जीरा पाचन को दुरुस्त रखते हैं। पुदीना शरीर को ताजगी देता है और गुड़ ऊर्जा बढ़ाने का काम करता है। यही वजह है कि भीषण गर्मी में यह पारंपरिक ड्रिंक लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है।

इमली का पना बनाना भी बेहद आसान है। इसे तैयार करने के लिए दो बड़े चम्मच इमली को गर्म पानी में कुछ देर भिगोया जाता है ताकि वह नरम हो जाए। इसके बाद इमली को मसलकर उसका रस निकाल लिया जाता है। फिर इसमें गुड़ या मिश्री, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और थोड़ा काली मिर्च पाउडर मिलाया जाता है। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें ठंडा पानी और बर्फ डाली जाती है। ऊपर से ताजी पुदीने की पत्तियां डालकर इसे परोसा जाता है।

गर्मियों में लगातार पसीना निकलने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने लगती है। ऐसे में इमली का पानक शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। यह न केवल शरीर को ठंडक देता है, बल्कि थकान और कमजोरी को भी दूर करता है। [SP]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)