अकासा एयर ने मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद शुक्रवार को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट कर कुछ उड़ानों में बदलाव और कुछ उड़ानों के निलंबन की जानकारी दी है। अकासा एयर के अनुसार, 28 मार्च 2026 को अबू धाबी, अहमदाबाद और चेन्नई के लिए/वहां से उड़ानें सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी। वहीं जेद्दा, अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, कोच्चि और कोझिकोड के लिए/वहां से उड़ानें भी जारी रहेंगी।
हालांकि, दोहा और कुवैत के लिए/वहां से सभी उड़ानें 31 मार्च 2026 तक निलंबित रहेंगी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि इन गंतव्यों की स्थिति की लगातार रियल-टाइम निगरानी की जा रही है और सुरक्षा मूल्यांकन के आधार पर आगे फैसला लिया जाएगा। अकासा एयर ने दोहा और कुवैत के लिए बुकिंग कराने वाले यात्रियों के लिए विशेष राहत दी है। एयरलाइन ने इन गंतव्यों के लिए रद्दीकरण/पुनर्निर्धारण शुल्क छूट नीति को 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया है।
यात्री पूर्ण रिफंड का विकल्प चुन सकते हैं, जो 7 दिनों के अंदर मूल भुगतान स्रोत में वापस कर दिया जाएगा। इसके अलावा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा को बाद की तारीख में पुनर्निर्धारित भी कर सकते हैं। यदि बुकिंग ट्रैवल एजेंट या पार्टनर के माध्यम से की गई थी तो यात्रियों को सीधे उनसे संपर्क करने की सलाह दी गई है। एयरलाइन ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें।
अधिक जानकारी या सहायता के लिए यात्री आकाश केयर सेंटर के +919606112131 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अकासा एयर ने अपने बयान में कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा एवं भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने यात्रियों के धैर्य और समझ के लिए आभार व्यक्त किया है। मध्य पूर्व में हालिया घटनाओं के कारण कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों में बदलाव या निलंबन किया है। अकासा एयर भी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठा रही है। एयरलाइन ने कहा कि स्थिति में सुधार होने पर उड़ानों को जल्द से जल्द बहाल किया जाएगा। [SP]