द केरला स्टोरी 2 
मनोरंजन

द केरला स्टोरी 2 पर भड़कीं स्वरा भास्कर, कहा- फिल्म के जरिए फैलाई जा रही नफरत

IANS

मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री स्वरा भास्कर किसी भी विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देने से पीछे नहीं हटती हैं। वे अक्सर विवादित मुद्दों पर बयान देती रहती हैं। इसी बीच, उन्होंने हालिया रिलीज फिल्म 'केरल स्टोरी-2' पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।

अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि इस फिल्म के जरिए सिर्फ एक समुदाय के प्रति नकारात्मकता फैलाई जा रही है। अभिनेत्री ने स्टोरीज पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया और एक लंबा-चौड़ा नोट लिखा। उन्होंने लिखा, "अगर आपने 'द केरला स्टोरी 2' फिल्म या फिर इसका ट्रेलर देखा है, तो आपको पता होगा कि इस फिल्म के जरिए मुसलमानों को बहुत नकारात्मक तरीके से दिखाया गया है।"

उन्होंने लिखा कि फिल्म का ट्रेलर देखकर भले ही बात समझ में नहीं आती, लेकिन इसकी कहानी में हिंदू महिलाओं को भी ऐसा दिखाया गया है जैसे वे समझदार नहीं हैं। स्वरा ने लिखा, "फिल्म में हिंदू महिलाओं को ऐसे दिखाया गया है कि जैसे वे बहुत सीधी हैं और उन्हें आसानी से प्रभावित किया जा सकता है। साथ ही, उन्हें अपनी ही गलतियों से बचाने के लिए किसी की सुरक्षा की जरूरत है।"

उन्होंने आखिरी में लिखा, "इस दृष्टि से, जो महिलाएं हिंदुत्व का समर्थन करती हैं, उनके लिए यह फिल्म एक तरह से यह याद दिलाती है कि हिंदू राष्ट्र में महिलाओं की स्थिति अधीन हो सकती है। फिल्म की कहानी के लेख के अनुसार, 'केरल स्टोरी-2' में बहुत अधिक नफरत दिखाई गई है और इसकी प्रस्तुति भी काफी शोर-शराबे वाली और भड़कीली लगती है।"

कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिका में हैं। निर्देशक ने फिल्म के जरिए उन लड़कियों की कहानी को उजागर किया है जिन्हें एक खास समुदाय के कुछ लड़के प्यार के जाल में फंसाकर उनका धर्म बदलने के लिए मजबूर कर देते हैं।

फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसके बाद से फिल्म को तरह-तरह की प्रतिक्रिया मिल रही है।

--आईएएनएस

एनएस/डीएससी

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)