बॉलीवुड में कई सालों तक अपनी खूबसूरती और दमदार एक्टिंग से दिल जीतने वाली सोनाली बेंद्रे अब एक नए रोल में नजर आएंगी। दरअसल, वह अब अभिनय के साथ-साथ अच्छी कहानियों को आगे बढ़ाने का काम भी करना चाहती हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने फिल्म 'सोलह' के साथ प्रेजेंटर के तौर पर अपना सफर शुरू किया है। बता दें कि प्रेजेंटर का मतलब होता है वो शख्स जो किसी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने में मदद करे। वो फिल्म का चेहरा बनता है और लोगों को बताता है कि ये कहानी क्यों जरूरी है। सोनाली अपने इस रोल को लेकर काफी उत्साहित हैं।
आईएएनएस से खास बातचीत में सोनाली बेंद्रे ने बताया कि 'सोलह' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं है। ये उनके जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्हें हमेशा से ऐसी कहानियां पसंद रही हैं जो फिल्म खत्म होने के बाद भी आपके साथ रहें। ऐसी कहानियां जो आपको एक जगह बैठकर सोचने पर मजबूर कर दें। 'सोलह' में ये सब है, इसलिए जब उन्होंने पहली बार इस फिल्म की कहानी सुनी तो वो तुरंत उससे जुड़ गईं।
सोनाली ने कहा, ''फिल्म को प्रेजेंट करना मेरे लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि यह मेरे लिए एक नए सफर की शुरुआत है। मैंने हमेशा ऐसी कहानियों को चुना है जो खत्म होने के बाद भी आपके दिल और दिमाग में रह जाती हैं। जो आपको थोड़ी देर के लिए रुककर सोचने पर मजबूर करती हैं। आपको जिंदगी को थोड़ा अलग तरीके से देखने में मदद करती हैं। 'सोलह' ने मेरे साथ बिल्कुल यही किया। इसे सुनने के बाद मैं काफी देर तक शांत रही और सोचती रही।''
सोनाली ने बताया कि आखिर उन्हें 'सोलह' की कहानी इतनी क्यों पसंद आई। उन्होंने कहा, ''जब मैंने पहली बार कहानी सुनी तो वो सीधे मेरे दिल से जा लगी। असल में ये फिल्म उम्मीद की कहानी है। ये हिम्मत की कहानी है और सबसे जरूरी बात ये आम लोगों के अंदर छिपी उस शांत ताकत की कहानी है, जिसके बारे में हम रोजमर्रा की जिंदगी में बात नहीं करते। पिछले कुछ सालों में मैंने जिंदगी को बहुत करीब से देखा है। बीमारी, संघर्ष और फिर उससे उबरना। इन सबके बाद मैंने उम्मीद और हिम्मत की कीमत और भी ज्यादा समझी है। इसलिए मुझे लगता है कि अपने इस नए सफर की शुरुआत के लिए 'सोलह' सबसे सही फिल्म है।''
जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि एक प्रेजेंटर के तौर पर उनका क्या मकसद है, तो इस पर सोनाली ने कहा, ''अब जब मैं एक प्रेजेंटर के तौर पर ये सफर शुरू कर रही हूं, तो मेरी सबसे बड़ी इच्छा यही है कि मैं ऐसी फिल्मों को सपोर्ट करूं जो लोगों के दिल को छूएं, जो लोगों को इमोशनली हिला दें। साथ ही मैं चाहती हूं कि दर्शकों को ऐसे नए कहानीकार मिलें, ऐसे नए डायरेक्टर मिलें, जिनकी आवाज अब तक लोगों तक नहीं पहुंची है, लेकिन उनकी कहानियां सुनने लायक हैं। मुझे लगता है कि 'सोलह' से बेहतर शुरुआत मेरे लिए और कुछ नहीं हो सकती थी। मुझे उम्मीद है कि जब लोग सिनेमाघर से बाहर निकलेंगे, तो उन्हें भी ठीक वैसा ही महसूस होगा जैसा मुझे हुआ था।''
'सोलह' को रोज मूवीज और कैरीऑन पिक्चर्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म 16 अक्टूबर को पूरे देश में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। (VR)
यह भी पढ़ें:
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)