शेखर सुमन ने सुनाया 'बैंडिट क्वीन' से जुड़ा दिलचस्प किस्सा, फूलन देवी के वो शब्द आज भी हैं एक्टर को याद ians
मनोरंजन

शेखर सुमन ने सुनाया 'बैंडिट क्वीन' से जुड़ा दिलचस्प किस्सा, फूलन देवी के वो शब्द आज भी हैं एक्टर को याद

फूलन देवी के साथ पहली मुलाकात में शेखर सुमन ने उनके कद, घोड़े और बंदूक पर किया मजाकिया सवाल, जवाब में मिला ‘आप सवालों से गोली चलाते हैं’ वाला यादगार जवाब

IANS

फिल्म और टेलीविजन जगत के मशहूर अभिनेता और होस्ट शेखर सुमन ने अपने लंबे करियर में राजनीति और फिल्म से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों का इंटरव्यू लिया। आईएएनएस संग बातचीत में उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कुछ दिलचस्प किस्से साझा किए। इस दौरान उन्होंने डकैत से नेता बनीं फूलन देवी के साथ हुई अपनी एक खास मुलाकात का भी जिक्र किया।

शेखर सुमन ने कहा, ''मुझे कभी किसी का इंटरव्यू लेने में डर या घबराहट महसूस नहीं हुई। मैं हमेशा आत्मविश्वास के साथ लोगों से सवाल पूछता था लेकिन जब फूलन देवी इंटरव्यू के लिए मेरे सामने बैठीं, तब मैंने एक दिलचस्प बात नोटिस की। उनका कद इतना छोटा था कि कुर्सी पर बैठने के बाद उनके पैर जमीन तक नहीं पहुंच रहे थे।''

उन्होंने कहा, "यह देखकर मैंने मजाकिया अंदाज में उनसे सवाल किया कि जब आपके पैर जमीन तक नहीं पहुंचते, तो आप घोड़े पर बैठकर एक हाथ में बंदूक लेकर कैसे घूमती थीं। आप तो 'बैंडिट क्वीन' है।''

उन्होंने कहा, ''मेरे इस सवाल को सुनकर फूलन देवी कुछ देर तक मेरी तरफ देखती रहीं। इसके बाद मैं आगे बढ़ा और एक और सीधा सवाल पूछ लिया। मैंने पूछा कि आपने इतने लोगों को गोली मारी और इतनी खतरनाक जिंदगी जी, तो क्या आपको कभी किसी से डर लगता है?"

शेखर सुमन ने कहा, ''फूलन देवी ने मेरे सवालों का जवाब बेहद मजेदार अंदाज में दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा, 'आपसे डर लगता है, क्योंकि आप सवालों से गोली चलाते हैं।' उनका यह जवाब सुनकर मैं और वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े थे। यह पल मेरे लिए यादगार बन गया था।''

आईएएनएस से बात करते हुए शेखर सुमन ने दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे से जुड़ा एक और दिलचस्प अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, ''एक बार बाल ठाकरे ने खुद मुझे फोन करके मेरे शो की तारीफ की थी। मैंने इस मौके का फायदा उठाया और तुरंत उनसे इंटरव्यू के लिए पूछ लिया।''

उन्होंने बताया, ''इंटरव्यू खत्म होने के बाद बाल ठाकरे ने कहा कि उन्हें बातचीत में बहुत मजा आया और एक और इंटरव्यू करना चाहिए। इस पर मैंने मजाक में कहा कि मेरे पास दूसरे कपड़े नहीं है। तब बाल ठाकरे ने जवाब दिया कि उसी कपड़े में दूसरा इंटरव्यू कर लेते हैं। यह पल भी मेरे जीवन की सबसे यादगार पलों में से एक है।'' (MK)

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)