बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह पिछले करीब दो दशक से संगीत की दुनिया में एक्टिव हैं, और उनके गाने आज भी पार्टियों और शादियों में बजते हैं। अपनी गायकी के साथ-साथ मीका अपने मजेदार किस्सों और बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। उनसे जुड़े कई दिलचस्प किस्से सुनकर लोग मुस्कुराते हैं। ऐसा ही एक किस्सा अमिताभ बच्चन को लेकर भी है, जो मीका खुद कई इंटरव्यू में बता चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वह अमिताभ बच्चन के इतने बड़े फैन रहे हैं कि एक बार बिना बुलाए उनकी दीपावली पार्टी तक पहुंच गए थे। उनके साथ बाद में एक ऐसा मजाक भी हुआ, जिसमें उन्हें लगा कि वह खुद बिग बी से बात कर रहे हैं।
मीका सिंह का जन्म 10 जून 1977 को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में हुआ था। उनका असली नाम अमरीक सिंह है। संगीत उनके परिवार की पहचान रहा है। उनके बड़े भाई दिलेर मेहंदी पहले से ही देश के लोकप्रिय गायकों में गिने जाते थे। बचपन से ही मीका का झुकाव संगीत की तरफ था। उन्होंने कम उम्र में ही संगीत सीखना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिशों में जुट गए। उनका गाना 'सावन में लग गई आग' बेहद लोकप्रिय हुआ और देखते ही देखते वह लोगों के पसंदीदा सिंगर बन गए।
इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 'मौजा ही मौजा', 'ढिंका चिका', 'जुम्मे की रात', 'आज की पार्टी', 'गो गो गोविंदा', 'अंखियों से गोली मारे' और '440 वोल्ट' जैसे कई गानों ने उन्हें बॉलीवुड के सबसे चर्चित गायकों में शामिल कर दिया।
मीका हमेशा से बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बड़े फैन रहे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था, ''हर साल जब अमिताभ बच्चन के घर दीपावली पार्टी का आयोजन होता था, तब मैं बाहर से सजावट देखा करता था और इसका हिस्सा बनने के बारे में सोचता रहता था। एक दिन मैं हिम्मत करके अपनी कार लेकर अमिताभ बच्चन के घर पहुंचा और बिना निमंत्रण अंदर चला गया। हालांकि, मैं वहां ज्यादा देर नहीं रुका और पार्टी देख चुपचाप वापस लौट आया।''
मीका ने एक और किस्सा इंटरव्यू में साझा किया था। उन्होंने बताया कि भाई दलेर मेहंदी ने एक दिन मुझसे अमिताभ बच्चन से बात करवाने का वादा किया था। इसके बाद उन्होंने एक व्यक्ति को फोन लगाया, जिसकी आवाज बिल्कुल अमिताभ बच्चन जैसी थी, और फोन मुझे दे दिया गया। आवाज सुनकर मैं इतना उत्साहित हो गया कि सम्मान में खड़े होकर बात करने लगा। मुझे पूरा भरोसा था कि मैं सचमुच बिग बी से बात कर रहा हूं। काफी समय तक मुझे यही लगता रहा कि मैंने अपने पसंदीदा एक्टर से बात की है।''
उन्होंने आगे बताया कि कुछ समय बाद एक कार्यक्रम में मेरी मुलाकात खुद अमिताभ बच्चन से हुई, तब पूरी सच्चाई सामने आई। तब मुझे पता चला कि दलेर मेहंदी ने मेरे साथ मजाक किया था।
[PY]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)