राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा  IANS
मनोरंजन

'मुझे खुद को आर्टिस्ट कहने में अजीब लगता है', कोंकणा सेन शर्मा ने स्टारडम पर कही बड़ी बात

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा हमेशा से ही अपनी बेबाक सोच, दमदार अभिनय और अलग तरह की फिल्मों के लिए जानी जाती रही हैं।

Author : IANS

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा हमेशा से ही अपनी बेबाक सोच, दमदार अभिनय और अलग तरह की फिल्मों के लिए जानी जाती रही हैं। इन दिनों वह अपनी आने वाली स्ट्रीमिंग फिल्म 'एक्यूज्ड' को लेकर चर्चाओं में हैं। इस बीच कोंकणा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ खास बातचीत में कहा कि वह खुद को लेकर काफी आत्म-आलोचनात्मक रहती हैं और कई बार खुद को आर्टिस्ट कहने में भी उन्हें अजीब सा महसूस होता है।

फिल्म के प्रमोशन के दौरान कोंकणा ने कहा, ''बाहर की दुनिया मुझे जिस नजर से देखती है, मैं खुद को उस नजर से नहीं देख पाती। मुझे अपनी सामाजिक पहचान के बारे में सोचने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं है। मैं खुद को एक साधारण इंसान की तरह देखती हूं, जो लगातार सीख रही है और खुद को समझने की कोशिश कर रही है। इसी वजह से कई बार मुझे खुद को आर्टिस्ट कहना भी थोड़ा बनावटी लगता है।''

जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि क्या वह खुद की आलोचना करती हैं, तो इस पर कोंकणा ने कहा, ''आत्म-आलोचना और आत्मचिंतन इंसान को बेहतर बनाते हैं। यह मान लेना कि हम परफेक्ट हैं, यह सोच ठीक नहीं है। खुद से सवाल करना, अपनी गलतियों को पहचानना और समय के साथ अपनी सोच बदलना आगे बढ़ते रहने की प्रक्रिया है।'' कोंकणा ने कहा, ''लोग हमारे बारे में क्या सोचते हैं, इस पर हमारा बहुत कम नियंत्रण होता है। इंसान अपनी इमेज को पूरी तरह से कंट्रोल नहीं कर सकता।

समाज, मीडिया और दर्शक अपने नजरिए से किसी भी कलाकार की छवि बना लेते हैं। ऐसे में अगर कोई कलाकार हर वक्त इस बात की चिंता करने लगे कि दुनिया उसे कैसे देख रही है, तो वह खुद से दूर हो जाएगा। बेहतर यही है कि इंसान अपने भीतर की दुनिया को मजबूत करे और बाहरी राय को खुद पर हावी न होने दे।'' उन्होंने कहा, ''कभी-कभी बनाई गई इमेज को तोड़ना जरूरी होता है।

एक ही तरह की सोच या इमेज में बंधकर रहना कलाकार के साथ-साथ इंसान के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए मेरी कोशिश रहती है कि लोगों की राय से ज्यादा अपने अंदर की आवाज पर ध्यान दूं। मेरे लिए मानसिक शांति ज्यादा मायने रखती है।'' कोंकणा सेन शर्मा की आने वाली फिल्म 'एक्यूज्ड' 27 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। [SP]