लंबा कद, घने लहराते बाल और मासूम चेहरा, ये तीनों खूबियां 90 के दशक में फिल्म 'आशिकी' से फैंस का दिल जीतने वाले राहुल रॉय के अंदर हैं।
फिल्म 'आशिकी' ने ही अभिनेता को रातों-रात स्टार बना दिया था, लेकिन आज उन्हें अपने भयंकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। यूजर्स सवाल कर रहे हैं कि ऐसी क्या मजबूरी थी कि कंटेंट क्रिएटर्स के साथ रील बनाकर गुजारा करना पड़ रहा है, लेकिन अब अभिनेता ने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
राहुल रॉय मीडिया अपीरियंस से दूर ही रहते हैं, लेकिन जब भी सामने आते हैं 90 के दशक की फिल्मों से जुड़ी प्यारी बातें करते हैं। उन्हें मीडिया के सामने बहुत प्यारी बातें करते हुए देखा गया है लेकिन यह पहला मौका है जब अभिनेता ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर ट्रोल करने वालों की क्लास लगा दी है।
उन्होंने लिखा, "मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता से करता हूं। मुझे कुछ कानूनी मामलों का भुगतान करना है और ये आज के नहीं हैं, ये उस समय के हैं, जब ब्रेन स्ट्रोक नहीं हुआ था।" अगर आप मेरी सादगी या मेरी परेशानियों का मजाक उड़ाते हैं, ट्रोल करते हैं तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है। अगर आपको सच में इतनी चिंता है, तो मुझे कोई अच्छा और सही काम दिलाने में मदद कीजिए, ताकि मैं अपने केसों का भुगतान कर सकूं। कम से कम मैं मेहनत करके कमा रहा हूं, दूसरों का मजाक उड़ाकर नहीं।"
अभिनेता का कहना है कि जब तक वे जिंदा रहेंगे, तब तक काम करने की कोशिश करते रहेंगे क्योंकि काम करने से उनका मन और तन दोनों सक्रिय रहता है और वे खुद को जिम्मेदार महसूस करते हैं। अभिनेता ट्रोलिंग से दुखी हैं लेकिन उन्हें कोई भी परिस्थिति तोड़ नहीं सकती।
दरअसल अभिनेता दोबारा लाइमलाइट में आने के लिए अनजान इंटरनेट क्रिएटर्स के साथ रील बना रहे हैं। अभिनेता की रील सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुई, क्योंकि यूजर्स इसे अभिनेता का डाउनफॉल मान रहे हैं। [SP]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)